लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। संसदीय राजभाषा समिति की प्रथम उप समिति लखनऊ एवं आस-पास स्थित केंद्रीय सरकार के 30 कार्यालयों के राजभाषायी निरीक्षण के लिए 23 एवं 24 दिसंबर को लखनऊ में रहेगी।
संसदीय राजभाषा समिति देश की राजभाषायी निरीक्षण के संबंध में उच्चाधिकार प्राप्त सर्वोच्च समिति है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. दिनेश शर्मा (पूर्व उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश एवं सांसद, राज्यसभा) होंगे। अन्य संसद सदस्यों में कृति देवी देवबर्मन, राम चन्द्र जांगड़ा, विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी, सतपाल ब्रह्मचारी, राजेश वर्मा तथा कल्याण बनर्जी आदि बतौर सदस्य इस निरीक्षण में उपस्थित रहेंगे।

इस बैठक का समन्वय कार्यालय मुख्यालय, मुख्य अभियंता (मध्य कमान) लखनऊ है। अन्य निरीक्षणाधीन कार्यालयों में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान लखनऊ, सीआरपीएफ, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर, भारतीय प्रबंध संस्थान लखनऊ, केंद्रीय विद्यालय, नेहरू युवा केंद्र, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, हिएलि, एचपीसीएल, नवोदय विद्यालय, भारतीय खेल प्राधिकरण, सिपेट, पासपोर्ट कार्यालय, एनसीसी आदि हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal