मनमानी नहीं रुकी तो आंदोलन करेगा आदर्श व्यापार मंडल : संजय गुप्ता
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जीएसटी विभाग द्वारा व्यापारियों को मनमाने तरीके से डिमांड नोटिस निकाल कर बिना कोई पूर्व सूचना अथवा नोटिस के सीधे बैंक खातों को सीज किए जाने की कार्यवाही से व्यापारियों में आक्रोश है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रविवार को आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय में व्यापारियों की बैठक हुई।
बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई को रोकने की मांग की। उनका कहना था कि बिना किसी पूर्व सूचना अथवा नोटिस के सीधे बैंक खातों को सीज किया जाना अन्यायपूर्ण है। बैंक खाते का संचालन रुक जाने से तमाम आर्थिक गतिविधियों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है।
प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहाकि व्यापारियों का उत्पीड़न कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों की सहायता के लिए ईमेल आईडी adarshvyaparmandal7@gmail.com जारी की। अयोध्या रोड स्थित प्रदेश कार्यालय पर जीएसटी से संबंधित उत्पीड़न के प्रकरणो पर व्यापारियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी शुरू की।
प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहाकि संगठन इस संबंध में वित्त मंत्री से मिलेगा तथा उन्हें वस्तु स्थिति से अवगत कराकर व्यापारियों का उत्पीड़न रोकने की मांग करेगा। आवश्यकता पड़ने पर संगठन आंदोलन भी करेगा।
बैठक में संगठन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, नगर उपाध्यक्ष परवेश जैन, रिंग रोड के उपाध्यक्ष विशाल जायसवाल, नगर उपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, ट्रांस गोमती प्रभारी मनीष पांडे, लखनऊ उपाध्यक्ष प्रवीण मिश्रा मुख्य रूप से मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal