Monday , September 23 2024

महंत नृत्य गोपाल दास की सेहत सुधरी, हुए डिस्चार्ज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अयोध्या के महंत नृत्य गोपाल दास जी की सेहत में सुधार हो गया है। वह चार दिनों से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें यूरिनरी इंफेक्शन, सेप्टीसीमिया के अलावा मुंह के रास्ते कम आहार लेने की समस्या थी। वह बेहोश हो जा रहे थे। इस दौरान वह तीन दिन आईसीयू में भी भर्ती रहे। बुधवार को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

अयोध्या के महंत नृत्य गोपाल दास जी को बीते 8 सितंबर की शाम 6:30 बजे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें मूत्र मार्ग (यूरिन ट्रैक) में संक्रमण की समस्या हो रही थी। मुंह से खाना निगलने में भी उन्हें दिक्कत हो रही थी। इस कारण शरीर निढाल हो गया था। चिकित्सकों की टीम ने उन्हें आईसीयू में भर्ती किया। इलाज से दूसरे दिन से ही उनकी सेहत में काफी सुधार होने लगा। महंत जी आहार ग्रहण करने लगे। वह शिष्यों व शुभचिंतकों से बात करने लगे।

मेदांता अस्पताल के क्रिटिकल केयर के सीनियर कंसल्टेंट व इंचार्ज डॉ. पुष्पेन्द्र सांगवान ने बताया कि बीते आठ सितंबर को महंत नृत्यगोपाल दास जी को बेहद नाजुक हालत में मध्यप्रदेश के ग्वालियर से लाया गया। यूरिन ट्रैक में संक्रमण बढ़ रहा था। सेप्टीसिमिया का खतरा बढ़ रहा था। रात में ही आईसीयू में एक्सपर्ट की निगरानी में उन्हें रखा गया। इलाज शुरू हुआ। दो दिन में ही वह खतरे से बाहर आ गए। मंगलवार को उन्हें आईसीयू से बाहर निकाला गया। अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्हें आज डिस्चार्ज कर दिया गया। इससे पूर्व भी महंथ जी चार बार मेदांता अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं।

मेदांता अस्पताल के इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन के निदेशक डॉ. दिलीप दूबे ने कहा, हम महंत जी के स्वास्थ्य में सुधार से प्रसन्न है। उनके लगातार स्वस्थ होने को लेकर आश्वस्त है। हमारी बहुविषयक टीम का सहयोगात्मक प्रयास व उच्चतम मानक की देखभाल प्रदान करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

मेदांता अस्पताल के यूरोलॉजी के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने कहा, अस्पताल के मानक बेहद उच्च है। क्रिटिकल केयर में अंतराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों की टीम मौजूद है। उच्चतम मानक ही गंभीर मरीजों इलाज के सकारात्मक परिणाम की आधारशिला हैं। हम महंत नृत्य गोपालदास जी के स्वास्थ्य में सुधार से प्रसन्नता का अनुभव कर रहे हैं।