Thursday , September 19 2024

भारतीय संस्कृति की सम्वाहक बने भावी पीढ़ी : राजेंद्र देव त्रिपाठी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर जानकीपुरम में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय अभियान प्रमुख राजेंद्र देव त्रिपाठी (संस्कृति बोध परियोजना पूर्वी उत्तर प्रदेश) मौजूद रहे। प्रधानाचार्या सुधा तिवारी ने अतिथि का परिचय कराया गया। 

राजेन्द्र देव ने बताया कि भारत की कालजयी संस्कृति को जन – जन तक पहुँचाने तथा उनके हृदय में इसका गौरव स्थापित करने के लिए कुरुक्षेत्र स्थित विद्याभारती संस्कृति शिक्षा संस्थान निरंतर प्रयासरत है। उक्त शिक्षा संस्थान सन 1980 से विभिन्न परियोजनाओं द्वारा शिक्षा क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। हमारी भावी पीढ़ी भारतीय संस्कृति की सम्वाहक बने। उन्होंने कहा कि दीर्घकालीन परतंत्रता के कारण मानवीय मूल्यों में गिरावट दिखाई दे रही है। उसका समूल निराकरण करके भारतीय संस्कृति का यश सर्वत्र फैलाना वर्तमान समय की माँग है। इस दृष्टि से विद्या भारती ने विपुल तथा उच्च कोटि का साहित्य भी तैयार कर लिया है।   

उन्होंने बताया कि विद्याभारती इस योजना को प्रत्येक भारतीय तक ले जाने के लिए प्रयासरत है। इस दृष्टि से विद्याभारती ने यह संकल्प लिया है कि 16 से 31 अगस्त तक महाअभियान चलेगा। उसके द्वारा समाज के समस्त प्रबुद्ध वर्ग को अपनी गौरवशाली संस्कृति के उज्जवल पक्षों का बोध करायेंगे। उसके लिए विद्यालयों के आचार्य, पूर्व छात्र, शिक्षक, मातृ भर्ती तथा प्रबंध समिति के सदस्य समाज के न्यूनतम 10-10 व्यक्तियों को “विद्याभारती संस्कृति बोध परियोजना” की जानकारी देंगे और उसके साथ जोड़ेंगे।  तत्पश्चात इस महाअभियान की सफलता का मूल्यांकन करने की दृष्टि से “संस्कृति ज्ञान परीक्षा” का आयोजन सम्पूर्ण देश में किया जाएगा।