लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विज्ञान फाउंडेशन द्वारा माइग्रेंट रेसिलियंस कोलैबोरेटिव परियोजना के अंतर्गत जनपद कानपुर के सखी केंद्र वन स्टाप सेंटर रावतपुर में विभिन्न सरकारी विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर श्रम विभाग से सहायक श्रमायुक्त रामलखन पटेल के साथ श्रम संराधन अधिकारी संतोष कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शरद कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी इंद्र भूषण, डूडा से सीओ कमलेश कुमार, सीओ आरती, केंद्रीय श्रमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक रमेश सिंह चंदेल, संतोष यादव तथा विज्ञान फाउंडेशन से रामायण यादव व गुरुप्रसाद मौजूद रहे।
विज्ञान फाउंडेशन से रामायण यादव ने बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य प्रवासी श्रमिको के लिये केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तक पहुंच सुनिश्चित कराना तथा समस्या में फंसे श्रमिको को कानूनी सलाह प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस कार्य को बेहतर रूप देने में अलग अलग सरकारी विभागों की आवश्यकता है। जिस संबंध में अधिकारियों के साथ विभागीय समन्वय मीटिंग का आयोजन किया गया।

मुख्य अतिथि राम लखन पटेल ने बताया कि सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत पात्र श्रमिको का पंजीयन किया जा रहा है। श्रमिको के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि ई-श्रम कार्ड के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा योजनाएं श्रमिको के कल्याण के लिए चलाई जा रही हैं। श्रमिकों के हित में संस्था द्वारा अच्छा प्रयास किया जा रहा है। क्योंकि श्रमिकों को जितना ज्यादा जागरूक किया जाएगा उतना ही उनकी पहुंच श्रम योजनाओं तक हो पाएगी।

श्रम संसाधन अधिकारी संतोष ने बताया कि आप लोगो को प्रवासी श्रमिको की संख्या ईंट भट्ठों से अधिक मिलेगी। उनको तमाम समस्याएं होती है उनको सुरक्षा और जानकारी की आवश्यकता है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी इंद्र भूषण ने कहाकि औद्योगिक क्षेत्र में कार्य करने वाले श्रमिको को ईपीएफ, ईएसआईसी, ग्रेच्युटी की समस्या कभी कभी होती है, इसलिए उन श्रमिको के साथ भी कार्य करने की आवश्यकता है।

केंद्रीय श्रमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी रमेश सिंह चंदेल ने बताया कि लेबर अड्डों पर मुख्य रूप से निर्माण श्रमिक खड़े होते है। वहां पर लेबर वालंटियर बनाकर कार्य करने की जरूरत है जिससे कि इनके संग बेहतर जुड़ाव हो पाए। उन्होंने बताया कि श्रमिक शिक्षा बोर्ड कानपुर में लेबर अड्डों पर कार्य कर रहा है उनके साथ भी संस्था समन्वय बनाकर कार्य कर सकती है। कार्यक्रम में श्रम प्रवर्तन अधिकारी शरद कुमार, डूडा से सीओ कमलेश कुमार, विज्ञान फाउंडेशन से अंकिता तिवारी, मो. सलमान, अंकित कुमार सहित लगभग 40 लोगो ने प्रतिभाग किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal