Thursday , September 19 2024

उप्र आदर्श व्यापार मंडल ने जीएसटी कमिश्नर को सौंपा 20 सूत्रीय मांग पत्र

जीएसटी प्रणाली को और अधिक सरल बनाए जाने की आवश्यकता : संजय गुप्ता

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल का 7 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल प्रांतीय अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में गोमती नगर स्थित कार्यालय में राज्य कर आयुक्त (वाणिज्य कर) नितिन बंसल से मिला। व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने प्रदेश भर के व्यापारियों से जीएसटी की समस्याओं से संबंधित लिए गए फीड बैक के आधार पर तैयार किए गए 20 सूत्रीय मांग पत्र एवं सुझाव पत्र को जीएसटी काउंसिल में भेजने हेतु राज्य कर आयुक्त नितिन बंसल को सौपा।

संजय गुप्ता ने आयुक्त को बताया कि वर्तमान में जीएसटी के मकड़जाल में व्यापारी उलझ गया है। अनेक विसंगतियां को तुरंत दूर करने की आवश्यकता है।
जीएसटी की 53वीं बैठक में हुए निर्णय का भी नोटिफिकेशन अभी तक जारी नहीं हुआ है। उस नोटिफिकेशन को जारी किए जाने की मांग व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने की। व्यापारियों के मांग पत्र को केंद्रीय वित्त मंत्री एवं जीएसटी परिषद में भेज कर प्रदेश सरकार की ओर से इसको अमल में लाने हेतु प्रदेश सरकार की ओर से व्यापारियों का पक्ष रखने की भी मांग की।

प्रतिनिधि मंडल में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, नगर महामंत्री अमित अग्रवाल, नगर उपाध्यक्ष परवेश जैन, नगर उपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, प्रवीण मिश्रा, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम शामिल थे।