Thursday , September 19 2024

भाजपा 25 जून को पूरे प्रदेश में मनाएगी काला दिवस

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय जनता पार्टी 25 जून को पूरे प्रदेश में आपातकाल के विरोध में काला दिवस के रूप में मनाएगी। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयम्बक त्रिपाठी ने कहा 25 जून 1975 को कांग्रेस शासन द्वारा आपातकाल लागू किया गया। लोकतंत्र की हत्या, मानवाधिकारों का हनन एवं देशवासियों पर विभिन्न प्रकार के अत्याचार देश के इतिहास में काला दिवस के रूप में जाना जाता है। उन्होंने बताया कि 25 जून को पार्टी द्वारा आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (गोरखपुर), पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी (लखनऊ महानगर), उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (झांसी), डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (लखनऊ जिला) में काला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार के मंत्रिगण, पार्टी पदाधिकारी व वरिष्ठ नेता सम्मिलित होंगे।
श्री त्रिपाठी ने बताया कि आपातकाल विरोध दिवस पर पार्टी द्वारा जिला स्तर पर गोष्ठियां आयोजित की जायेंगी।आपातकाल के दौरान जो अत्याचार हुए उन्हें याद करते हुए जिला स्तर पर मीसा बंदियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम पार्टी द्वारा आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता का संकल्प भी लिया जायेगा।