Thursday , September 19 2024

लोकसभा चुनाव : पांचवें चरण में कहां सबसे अधिक मतदाता और कहां सबसे कम, पढ़े पूरी खबर

• पांचवें चरण में 14 लोकसभा सीटों और लखनऊ पूर्व विधानसभा उप निर्वाचन क्षेत्र में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए तैयार उत्तर प्रदेश

• प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा मतदान

• पांचवें चरण में कुल 2 करोड़ 71 लाख 36 हजार 363 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग

• 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 144 प्रत्याशी मैदान में, 13 महिला प्रत्याशी भी शामिल

• निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने किए व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था

• मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदाताओं से की अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के अंतर्गत पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों के साथ ही लखनऊ पूर्व विधानसभा उप निर्वाचन के लिए मतदान की प्रक्रिया 20 मई सोमवार को संपन्न होगी। पांचवें चरण के मतदान की पूर्व संध्या पर रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान की अपील की। उन्होंने बताया कि पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश के मोहनलालगंज (अ0जा0), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (अ0जा0), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (अ0जा0), बाराबंकी (अ0जा0), फैजाबाद, कैसरगंज और गोण्डा लोकसभा क्षेत्रों के साथ ही लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मतदान संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान प्रातः 7 बजे से शुरू होकर सायं 6 बजे तक चलेगा। मतदेय स्थलों पर जो मतदाता सायं 6 बजे उपस्थित रहेंगे, उन मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जा सकेगा।

सबसे अधिक मतदाता मोहनलालगंज व सबसे कम बांदा में

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि पांचवें चरण में कुल 2 करोड़ 71 लाख 36 हजार 363 मतदाता हैं। जिसमें 1 करोड़ 44 लाख 5 हजार 97 पुरूष तथा 1 करोड़ 27 लाख 30 हजार 186 महिला एवं 1,080 थर्ड जेण्डर मतदाता हैं। पांचवें चरण में मतदाताओं की संख्या की दृष्टि से सबसे अधिक मतदाता मोहनलालगंज और सबसे कम मतदाता बांदा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में हैं। 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 144 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 131 पुरूष तथा 13 महिला प्रत्याशी हैं। पांचवें चरण में सबसे अधिक 15 प्रत्याशी फतेहपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में तथा सबसे कम 4 प्रत्याशी कैसरगंज लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में हैं। 

17,128 मतदान केंद्रों पर बने 28,688 मतदेय स्थल

पांचवें चरण के चुनाव में कुल 28,688 मतदेय स्थल (पोलिंग बूथ) हैं, जिसमें से 4,232 क्रिटिकल हैं। 17,128 मतदान केंद्र हैं। 50 प्रतिशत मतदेय स्थलों पर (14984 मतदेय स्थल) लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिसका पर्यवेक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं भारत निर्वाचन आयोग तीनों स्तरों पर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 4,199 मतदेय स्थलों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है। पांचवें चरण में कुल 561 आदर्श मतदेय स्थल एवं 126 महिला, 53 दिव्यांग तथा 80 युवा कार्मिक प्रबंधित मतदेय स्थल बनाए गए हैं। चुनाव में मतदान के लिए 35,684 ईवीएम की कन्ट्रोल यूनिट, 36,089 बैलट यूनिट तथा 37,565 वीवीपैट तैयार किए गए हैं। 

सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग द्वारा 03 विशेष प्रेक्षक, 14 सामान्य प्रेक्षक, 09 पुलिस प्रेक्षक तथा 15 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 2416 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 327 जोनल मजिस्ट्रेट, 549 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 3619 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को सम्पन्न कराने के लिए 7426 भारी वाहन, 7410 हल्के वाहन तथा 1,28,642 मतदान कार्मिक लगाए गए हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु पर्याप्त मात्रा में अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अर्द्ध सैनिक बलों को दी गई है। अर्द्ध सैनिक बलों/पुलिस बलों के व्यवस्थापन के लिए आकस्मिकता की स्थिति में मेडिकल सहायतार्थ एयर एम्बुलेंस एवं हेलीकाप्टर की व्यवस्था भी की गई है। हेलीकाप्टर की लोकेशन 19 व 20 मई को झांसी में तथा एयर एम्बुलेंस की लोकेशन 20 मई को लखनऊ में रहेगी।

मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से वोटर इन्फार्मेशन स्लिप निर्वाचकों को वितरित कराई गई है। जिसके माध्यम से उन्हें अपने वर्तमान मतदेय स्थल एवं क्रम संख्या की जानकारी हो सकेगी। पांचवें चरण में कुल 2 करोड़ 65 लाख 90 हजार 01 मतदाताओं को वोटर स्लिप वितरित की गई है। इसके अतिरिक्त मतदाता वोटर हेल्पलाइन एप, भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से भी अपने मतदेय स्थल की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए वोटर गाइड का भी वितरण किया गया है। पांचवें चरण के जनपदों में 49 लाख 426 परिवारों को वोटर गाइड वितरित की गई है। पांचवें चरण के जनपदों में 27 अक्टूबर, 2023 से 19 मई, 2024 तक कुल 20 लाख 56 हजार 664 मतदाता फोटो पहचान पत्र वितरित कराए गए हैं। मतदान की अवधि में सभी बीएलओ एल्फाबेटिक लोकेटर मतदाता सूची के साथ मतदाता सहायता बूथ पर उपस्थित रहेंगे एवं आने वाले मतदाताओं की सहायता करेंगे। दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर एवं जगह-जगह पर वॉलन्टियर की व्यवस्था की गई है, जो कि दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे।

इनमें से कोई एक पहचान पत्र होना जरूरी

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता फोटो पहचान पत्र के अतिरिक्त 12 अन्य फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंकों/डाकघरों द्वारा जारी किए गए फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अन्तर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के अन्तर्गत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केन्द्र/राज्य सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कम्पनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों/विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार) मतदेय स्थल पर मतदाताओं की पहचान किए जाने हेतु मान्य होंगे।

मतदान से संबंधित कोई भी शिकायत टोल फ्री नंबर 1800-180-1950 प्रदेशस्तर पर तथा 1950 जिलास्तर पर कॉल करके दर्ज कराई जा सकती है। इसके अतिरिक्त सी-विजिल, एनजीएसपी/वीएचए पर भी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती है। पांचवें चरण में सी-विजिल पर 16 मार्च, 2024 से 19 मई, 2024 तक कुल 1439 शिकायतें दर्ज हुई हैं। उनमें 924 शिकायतें सही पाई गई हैं तथा 515 शिकायतें गलत पाई गई हैं। कुल 924 सही शिकायतों में से 850 शिकायतें 100 मिनट की नियत समयावधि में निस्तारित की गई हैं। शिकायत निस्तारण का औसत समय 48.01 मिनट है, जो कि नियत समयावधि 100 मिनट से कम है। पांचवें चरण में 16 मार्च, 2024 से 19 मई, 2024 तक 47 करोड़ रुपए कीमत की शराब, नकदी व ड्रग्स जब्त की गई है।

लखनऊ पूर्व विधानसभा उप निर्वाचन में 4.64 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान

वहीं, विधानसभा उप निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ पूर्व में कुल 4 लाख 64 हजार 510 मतदाता हैं, जिसमें 2 लाख 42 हजार 937 पुरूष तथा 2 लाख 21 हजार 558 महिला एवं 15 थर्ड जेण्डर मतदाता हैं। 417 मतदेय स्थल हैं, जिनमें 15 क्रिटिकल तथा 86 मतदान केन्द्र हैं। कुल 4 प्रत्याशी मैदान में हैं। 246 वेबकास्टिंग बूथ हैं।

34-मोहनलालगंज (अ0जा0) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 21,87,232 मतदाता हैं, जिनमें 11,60,743 पुरूष, 10,26,419 महिला तथा 70 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 2262 है।

35-लखनऊ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 21,72,171 मतदाता हैं, जिनमें 11,48,119 पुरूष, 10,23,960 महिला तथा 92 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 1895 है।

36-रायबरेली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 08 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 17,84,314 मतदाता हैं, जिनमें 9,31,427 पुरूष, 8,52,851 महिला तथा 36 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 1867 है।

37-अमेठी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 17,96,098 मतदाता हैं, जिनमें 9,42,536 पुरूष, 8,53,478 महिला तथा 84 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 1923 है।

45-जालौन (अ0जा0) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 06 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 20,06,161 मतदाता हैं, जिनमें 10,75,382 पुरूष, 9,30,673 महिला तथा 106 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 2262 है।

46-झांसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 21,61,221 मतदाता हैं, जिनमें 11,37,527 पुरूष, 10,23,586 महिला तथा 108 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 2257 है।

47-हमीरपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 18,39,761 मतदाता हैं, जिनमें 9,94,182 पुरूष, 8,45,540 महिला तथा 39 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 1975 है।

48-बांदा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 17,47,425 मतदाता हैं, जिनमें 9,43,404 पुरूष, 8,03,980 महिला तथा 41 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 1894 है।

49-फतेहपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 19,38,563 मतदाता हैं, जिनमें 10,40,411 पुरूष, 8,98,102 महिला तथा 50 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 2143 है।

50-कौशाम्बी (अ0जा0) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 19,09,620 मतदाता हैं, जिनमें 10,12,892 पुरूष, 8,96,562 महिला तथा 166 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 1996 है।

53-बाराबंकी (अ0जा0) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 19,18,491 मतदाता हैं, जिनमें 10,14,174 पुरूष, 9,04,242 महिला तथा 75 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 2138 है।

54-फैजाबाद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 19,27,459 मतदाता हैं, जिनमें 10,06,537 पुरूष, 9,20,840 महिला तथा 82 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 2074 है।

57-कैसरगंज लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 04 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 19,04,726 मतदाता हैं, जिनमें 10,09,379 पुरूष, 8,95,285 महिला तथा 62 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 2017 है।

59-गोण्डा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 08 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में 18,43,121 मतदाता हैं, जिनमें 9,88,384 पुरूष, 8,54,668 महिला तथा 69 थर्ड जेण्डर हैं। मतदेय स्थलों की संख्या 1985 है।

मतदान प्रतिशत की जानकारी 2-2 घण्टे पर मीडिया को प्रेषित की जायेगी। इसके अतिरिक्त वोटर टर्नआउट एप एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के सोशल मीडिया हैण्डलस् पर भी मतदान प्रतिशत की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।