आसपास के बाजारों तक एलईडी लगेगी स्क्रीन
अयोध्या (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की शुक्रवार दोपहर बाद मणिराम दास छावनी में हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। तय किया गया कि श्रीराम लला के दर्शन रामनवमी की भीड़ को देखते हुए चार की बजाय सात पंक्तियों में कराए जाएंगे। नवमी पर नगर निगम सहित आस-पास की बाज़ारों में लगभग सौ एलईडी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। श्रद्धालुओं के पैर न जलें इसके लिए मैट बिछाई जाएगी। पर्याप्त पानी, टायलेट के साथ ही ओआरएस पाउडर की व्यवस्था की जाएगी। दर्शन मार्ग पर सुस्ताने के लिए बैठने का इंतजाम किया जाएगा।
ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्माण समिति अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, सदस्यों में जगद्गुरु विश्व प्रसन्नतीर्थ महाराज, महंत दिनेंद्र दास, विमलेंद्र मोहन मिश्र, अनिल मिश्र, केंद्रीय गृह सचिव प्रशांत लोखंडे, जिलाधिकारी नितिश कुमार आदि उपस्थित थे। महामंत्री चम्पत राय ने उक्त निर्णयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal