Friday , September 20 2024

आस्था का संघर्ष था जन्मभूमि आन्दोलन : साध्वी ऋतम्भरा

– राजनीतिक दलों से किया अनुरोध, उत्सव मनाइये

– लखनऊ पहुंचने पर साध्वी का जोरदार स्वागत

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में सम्मिलित होने अयोध्या के लिए निकलीं साध्वी ऋतम्भरा ने लखनऊ में कहा कि राम मन्दिर की लड़ाई भाजपा सपा और कांग्रेस आदि की लड़ाई नहीं है। भगवान राम मन्दिरों की सत्ता से परे हैं और यह लड़ाई राम की नहीं अपितु हमारी आस्था की लड़ाई थी। यह भारत के समाज द्वारा अपने आराध्य के लिए पांच सौ साल तक किया गया संघर्ष है। इसे पार्टी की लड़ाई न बनाइये उत्सव मनाइये। लखनऊ में विधायक डा. नीरज बोरा के आवास पर रुकीं साध्वी का अयोध्या प्रस्थान के पूर्व ढोल, नगाड़े, पुष्प वर्षा और आतिशबाजी के साथ मड़ियांव, पुरनिया, कपूरथला सहित नगर में विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया।

शुक्रवार को सीतापुर रोड स्थित सेवा अस्पताल परिसर में साध्वी ऋतम्भरा ने अपने स्वागत में एकत्र हुए लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि राम आधार हैं और इतने बड़े संघर्ष के सागर को पार करने की नौका हैं। हमने कुछ नहीं किया केवल हिन्दू स्वाभिमान के सचेतक की भूमिका निभाई। साध्वी ने कहा कि उस समय तत्कालीन सरकार द्वारा कीर्तन करते निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलाकर संविधान और कानून की धज्जियां उड़ाई गयी थीं। हम लोगों ने मन्दिर के लिए आन्दोलन किया, कष्ट झेले, आरोपी बने, जहर पिया। उन्होंने कहा कि भारत की मूल प्रकृति में राम और कृष्ण हैं, भारत की परम्परा और उसकी जड़ों को सींचकर ही राजनीति होनी चाहिए क्योंकि राजनीति सत्य को स्थापित करने का साधन है। इस अनुष्ठान को पूरा करने के लिए सन्तान भाव का होना जरुरी है।

कई दर्जन वाहनों के काफिले के साथ निकलीं साध्वी ऋतम्भरा का स्वागत भिठौली क्रासिंग पर सौरभ तिवारी व राकेश पाण्डेय के साथ एकत्र लोगों ने किया। भिठौली में सदाशिव मिश्र के साथ स्थानीय व्यापारियों ने तथा सीतापुर रोड स्थित हिम सिटी के सामने एसके मिश्र व अन्य ने साध्वी का स्वागत किया। मड़ियांव में राघव सिंह, ताड़ीखाना में पार्षद प्रदीप शुक्ला, मान सिंह यादव, पूर्व पार्षद ब्रजकिशोर पाण्डेय के अलावा अतुल मिश्रा, अमित सिंह आदि, सुरेन्द्र भोजनालय पर स्थानीय जन तथा सीतापुर रोड पर ही श्यामप्रेमी संघ की ओर से अरविन्द अग्रवाल, पीयूष के नेतृत्व में एकत्र लोगों ने पुष्प वर्षा की। पुरनिया चौराहे पर अनिकेत गुप्ता, शिव मेडिकल पर संदीप अग्रवाल, अलीगंज के राधेलाल मिष्ठान के सामने मुकेश गुप्ता, नगर निगम जोनल कार्यालय के सामने पार्षद पृथ्वी गुप्ता, प्रगति बाजार के सामने आकाश सक्सेना, कपूरथला पर सुलभ इण्टरनेशनल के बृजमोहन, महानगर पेट्रोल पम्प के पास सुनील शंखधर, शक्तिनगर में आदर्श व्यापार मण्डल की ओर से संजय गुप्ता, शशिकान्त शर्मा, मनोज जसवानी तथा भूतनाथ पर व्यापारियों ने साध्वी ऋतम्भरा का अभिनन्दन करते हुए अयोध्या के लिए विदा किया। इस दौरान विधायक डा. नीरज बोरा, राधा स्नेह दरबार की अध्यक्ष बिन्दू बोरा, भाजपा पार्षद, कार्यकर्ता एवं विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक व आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।