Friday , September 20 2024

महिलाओं की अगुवाई में राष्ट्र निर्माण का नया युग पर हुई चर्चा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के एक दिवसीय शिविर कार्यक्रम के अन्तर्गत रेड ब्रिगेड लखनऊ और अमरेन फाउन्डेशन की पहल एक तिहाई महिला आरक्षण बिल के ऐतिहासिक फैसले से महिलाओं की अगुवाई में राष्ट्र निर्माण के नए युग की शुरुआत से संबंधित कार्यक्रम का  आयोजन किया गया। इस मौके पर रेणुका मिश्रा (महानिदेशक पुलिस भर्ती बोर्ड और पुलिस प्रशिक्षण) ने कहा कि अब लड़कियों पर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है, यह जिम्मेदारी तभी पूरा कर सकती जब मतदान के बारे में जागरूक होंगी। अब इस तरह के अभियान की महत्ता बढ़ जाती है, यह सही समय पर सही कदम है।

अमरेन फाउन्डेशन की संस्थापिका रेणुका टंडन ने कहाकि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को और अच्छा लोकतंत्र में बदलने के लिए लड़कियों को लोकतंत्र के उत्सव में उसी उत्साह के साथ भाग लेना होगा जैसा अपने सामाजिक उत्सव, त्यौहारों में भाग लेती है। हमें नये ज़माने की लड़कियों की वोट की नई फिकर को शामिल करना होगा।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर बीना राय ने अपने संबोधन में स्त्री की महत्ता स्पष्ट करते हुए कहाकि महिलाएँ जब यमराज से पति को वापिस ला सकती है, एक संतान को जन्म दे सकती है, परिवार को पाल सकती है तो वो देश को भी बदल सकती है।

रेड ब्रिगेड की संस्थापिका उषा विश्वकर्मा ने कहाकि आजादी के लगभग सौ साल चले आंदोलन में हजारों लाखों महिलाओं ने शहादत दी, कुर्बानी दी, तब जाकर आजादी मिली और साथ मत का अधिकार मिला। देश-समाज को सुंदर बनाने के लिए, वोट जैसे सहज, सरल और ताकतवर हथियार का उपयोग करना सिखना होगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्यव्रत और धन्यवाद ज्ञापन मीना कुमारी (NSS कार्यक्रम अधिकारी) ने किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रोफेसर सुप्रिया चतुर्वेदी, डॉ. नीरजा सिन्हा, प्रगति निगम और वशिका, महिमा, एंजिल और अन्य NSS छात्राओं का सहयोग रहा।