Friday , September 20 2024

उत्तराखंड महोत्सव : सांस्कृतिक कार्यक्रमों संग लोगों को भा रही पहाड़ी टोपी व व्यंजन

गोमा तट पर डांस उत्तराखण्ड डांस प्रतियोगिता में 12 टीमों ने मचायी धूम

उत्तर प्रदेश के धोबिया नृत्य संग उत्तराखण्डी संस्कृति का दिखा संगम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोमा तट पर चल रहे उत्तराखण्ड महोत्सव में भारतीय लोक संस्कृति की परम्पराओं लोक कलाओं एवं लोक विधाओं का संगम दिखाई दे रहा है। पावन गोमती तट पर सांय गुनगुनी ठण्डक के साथ सुहावना होता मौसम का मिजाज, लजीज खाने की खुशबू, सुन्दर मंच पर चल रहे विविध कार्यक्रम यहां आये दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर रहे हैं। दर्शकगण स्टालों में खरीददारी कर लुफ्त भी उठा रहे है। 

महोत्सव स्थल पर विविध स्टालों के साथ-साथ खान पान के स्टाल जिसमें अमेरिकन भुट्टा, चट्पटी चाट, भेलपुड़ी, फास्ट फूड छोला भटूरा, पाव भाजी, राजस्थानी थाली, पापड़ भण्डार, नॉनवेज, उत्तराखंडी व्यंजनों आदि के स्टाल लगे है। ऊनी वस्त्र, खादी वस्त्र के साथ उत्तराखण्ड की टोपी और हिमाचली टोपी लोगों को खूब भा रही है। 

छोलिया के बारे में मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सिंह कनवाल ने बताया कि यह युद्ध शैली का नृत्य है, युद्ध में विजय के बाद के उत्सव को दर्शाता है। सभी नर्तक पौराणिक शैली की वेशभूषा पहन कर तलवार से युद्ध का अभिनय तथा ढाल से अपना बचाव करते हैं। इसमें लोक वाद्य ढोल, दमाऊ, रणसिंग, तुरही, मसकबीन का उपयोग होता है। गढ़वाल में इसे सर्रों कहते है। संस्कृति विभाग, देहरादून उत्तराखण्ड से आये उधान्चल कला केन्द्र अल्मोड़ा के कलाकारों ने सुन्दर छोलिया नृत्य प्रस्तुत किया।

दोपहर में कुर्सी रेस की दिलचस्प प्रतियोगिता, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष पुष्पा वैष्णव, सुनीता कनवाल, विद्या सिंह, हरितिमा पंत, देवेश्वरी पवार तथा राजेश्वरी रावत की देख रेख में सम्पन्न हुई। जिसमें अलका साह प्रथम, तृप्ति गुप्ता द्वितीय, नीलिमा जोशी तृतीय स्थान पर रही। 

वहीं सीमा विरमानी का वॉलीवुड गायन, चन्द्रभूषण अग्रवाल का नृत्य, सूचना विभाग उप्र के दलों की प्रस्तुति, सुषमा प्रकाश का गायन, यीशू वर्मा का कुमाऊँनी गायन, तृप्ति गुप्ता की प्रस्तुति, उन्नति श्री के सोलो नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

जानकी अधिकारी के नेतृत्व में रामलीला समिति तेलीबाग की प्रस्तुति, मोनिका मेहरा व राहुल फर्तियाल का नृत्य, ममता फुलारा का मेसअप गाना, कामना बिष्ट के नेतृत्व में आर्ट् एवं कल्चर ग्रुप, कल्याणपुर सांस्कृतिक कार्यक्रम, हेमा वाणगी के नेतृत्व में देव भूमि जन सरोकार सांस्कृतिक समिति, गोमती नगर के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा हरितिमा पंत व अलका शाह के नेतृत्व में संगीत सांस्कृतिक फाउण्डेशन कुर्मांचल नगर के कार्यक्रमों को खूब सराहा गया। झोड़े के चार दलों द्वारा मंच पर सुन्दर प्रस्तुति दी। पूनम कनवाल ने सुन्दर मंच संचालन किया। 

सांध्यकालीन कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र भारत सरकार के सहयोग से गाजीपुर के धोबिया लोकनृत्य के कलाकारों ने अपनी लोक कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिसमें टीम लीडर सल्टू राम, वाद्य कलाकार- रणसिंघा में लौटू, घोडे पर मनोज, मृदंग पर विकास कुमार, कसावर पर ललन बनवासी, डंडताल पर मूरत राम, झॉझ पर त्रिभुवन, गुरू -रामचन्दर, गायन में जय प्रकाष, नृत्य में लिलि घोडी, शिवकुमार, राजकुमार और राजू, डांसर- रतन लाल, मुन्नी लाल, गौतम एवं दीपक, कलाकारों द्वारा मृदंग, रणसिंहा, झांझ, डेढताल और सर पर पगडी, पावों में घुघरू, हाथों में करताल के साथ कलाकारों के बीच काठ का सजा घोडा ठुमुक ठुमुक नाचने लगता है तो गायन नर्तक भी उसी के साथ झूम उठते हैं। 

संस्कृति निदेशालय, उत्तर प्रदेश के सहयोग से गढ़वाल मण्डल की सुप्रसिद्ध लोकगायिका कुसुम नेगी के ग्रुप द्वारा सर्वप्रथम गणेश वंदनाख् पर कलाकारों ने परात को उंगुलियों से घुमाते हुए नृत्य किया। दीपावली का भैलू कार्यक्रम की सुन्दर प्रस्तुति दी। जिसमें नागों के श्रेष्ठ राजा शेषनाग मंथन की सुन्दर प्रस्तुति दी। उसके बाद नाटी तान्दी लोकनृत्य हरूल, घसियारी लोकनृत्य, जौनसारी लोकनृत्य की प्रस्तुतियाँ दी। इनके वाद्य कलाकार-की बोर्ड पर राजकुमार, ढोलक पर नानक चन्द्र, दमऊ पर प्रेम दास, रणसिंग पर प्रेम, नृत्य कलाकार पिंकी रानी, रानी, मोनिका, सोम्या, संगीता, नितिन, शबल, चंदर, अजय, गायन में कुसुम नेगी और सचिव वर्मा है। एकल गायन-जौनसारी लोकगीत जिसके बोल है- जमुना को पाणि, आगलड की मॉछी की भी मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रसिद्ध लोकगायक जगत सिंह धपोला ने लाली हो लाली हौंसिया तथा हाय तेरी नजरा, मुल हसण दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। लोकगायक सुरेन्द्र राजेश्वरी, दर्शन सिंह परिहार ने लोक गीत गाकर दर्शको को मंत्रमुग्ध किया।

वाइस ऑफ उत्तराखण्ड के चार प्रतिभागियों दीपक सिंह परवाल, नन्दा रावत, अनुपमा श्रीवास्तव, कु. प्राची सिंह रावत ने सुन्दर गायन कर भाव विभोर कर दिया। डांस उत्तराखण्ड डांस प्रतियोगिता में 07 दल नन्दा रावत के नेतृत्व में जौहार सांस्कृतिक समिति, प्राची रावत के नेतृत्व में कुटुम्ब ग्रुप मायापुरी, महेन्द्र गैलाकोटी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड महापरिषद, रंगमण्डल, किशन लाल के नेतृत्व में नई दिशाएं नैनीताल, संगीता आहूजा के नेतृत्व में यश म्यूजिक ग्रुप अयोध्या, गोविन्द बोरा के नेतृत्व में सांस्कृतिक दल गोमती नगर और मंजू पाण्डेय के नेतृत्व में संकल्प ग्रुप आलोक नगर ने उत्तराखण्ड के लोक गीतों पर सुन्दर अभिनय प्रस्तुत कर दर्शकों को लुभाया।

 मुख्य संयोजक भवान सिंह गर्बियाल, संयोजक दीवान सिंह अधिकारी एवं हेम सिंह, अध्यक्ष हरीश चन्द्र पंत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह रावत, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष महेश रौतेला, सचिव राजेश बिष्ट, सुरेश चन्द्र पाण्डेय, अवधेश कोठारी, मुनाल श्री विक्रम बिष्ट, बीके जोशी, भुवन पटवाल, भुवन पाठक, सुरेन्द्र सिंह, चेतन बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें।