Sunday , September 8 2024

एकल अभियान : संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

100 मीटर दौड़ में गोरखपुर की रंजना भारती प्रथम, बाराबंकी द्वितीय स्थान पर

200 मीटर दौड़ में सीतापुर की अल्का राय प्रथम, गोरखपुर द्वितीय स्थान पर

कबड्डी व लम्बी कूद में गोरखपुर व लखनऊ के बीच कांटे की टक्कर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। एकल अभियान संभाग स्तरीय खेलकूल समारोह का उद्घाटन प्रदेश के खेलकूद मंत्री गिरीश चन्द्र यादव एवं विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह ने खेल के मशाल जुलूस के साथ किया। उन्होंने ग्रामीण व वनवासी बच्चों का मनोबल, उत्साह बढ़ाते हुये बच्चों के अभिभावकों का भी उत्साहवर्धन किया। उसके उपरान्त बालक-बालिकाओं के अलग-अलग खेल प्रतियोगिता अलग-अलग स्थलों पर प्रारम्भ हुआ। 

एकल अभियान सम्पूर्ण भारत के ग्रामीण एवं वनवासी क्षेत्रों के 1 लाख से अधिक गाँवों में समग्र विकास हेतु विगत 33 वर्षों से प्रयत्नशील है। भारत सरकार द्वारा 2017 का गाँधी शान्ति पुरस्कार प्राप्त यह अभियान भारत के 340 जिलों के ग्रामीण क्षेत्र में सफलतापूर्वक चल रहे एक लाख से अधिक एकल विद्यालयों द्वारा पंचमुखी शिक्षा के माध्यम से समाज जागरण का सफल प्रयास किया जा रहा है। 

इसके अन्तर्गत देश के एक लाख विद्यालय ग्रामों एवं पड़ोस के 3 अन्य सम्पर्कित ग्रामों के खिलाड़ियों में से 32 खिलाड़ियों की टीम चुनकर, उनके विकास खण्ड स्तर, जनपद स्तर व प्रदेश स्तर पर खेल समारोह आयोजित कर राष्ट्रीय स्तर पर ऐसे खेलों का आयोजन किया गया। जिसमें अभ्यास हेतु किसी विषेष सहायक सामग्री की आवष्यकता नहीं पड़ती है। एथलेटिक्स-के अन्तर्गत बालक/बालिकाओं हेतु 50 मी0, 100 मी0, 200 मी0, 400 मी0 एवं 600 मी0 की दौड़ लम्बी कूद व ऊँची कूद आयोजित की गई। कुश्ती केवल बालक भार वर्ग-25 किलो, 28 किलो, 32 किलो, 35 किलो, 38 किलो, 42 किलो व 45 किलो में हुई। कबड्डी केवल बालक खिलाड़ियों हेतु सम्पन्न हुई।

अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल जगत में तिरंगा फहराने हेतु ‘‘गाँव-गाँव प्रतिभा खोज’’ का राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाये, जिससे भारत के जन-जन में यह आस्था जगाई जा सके कि ‘‘यदि खेलेगा भारत तो खिलेगा भारत’’। इसी तथ्य को ध्यान में रखकर इस वर्ष से ग्रामीण व वनवासी बच्चों मे छिपी खेल प्रतिभा का विकास करने व राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय खेलों के आयोजन का प्रयास किया गया है। एकल अभियान का संकल्प है कि एकल विद्यालय खिलाड़ियों की नर्सरी के रूप में स्थापित हों। जिससे सामाजिक संगठन एकल अभियान खेल-कूद प्रतियोगित निरन्तर जारी रखे जिससे समाज के ग्रामीण एवं वनवासी बच्चों को ओलम्पिक खेलों में खेलने का अवसर मिल सकेगा। यह सफल कार्य एकल अभियान ही कर सकता है। ओलम्पिक खेलों में भारतीय जनसंख्या के अनुरूप मेडल भी प्राप्त होंगे।

मंगलवार को समापन समारोह व पुरस्कार वितरण में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह एकल अभियान के केन्द्रीय प्रमुख माधवेन्द्र सिंह की उपस्थिति में विजेता बच्चों कों सम्मानित करेगें।

एकल अभियान के लखनऊ सम्भाग खेलकूद प्रतियोगिता में एकल अभियान के वरिष्ठ सदस्यों में बीएलएसपी के महामंत्री भूपेन्द्र अग्रवाल, ओम प्रकाश शर्मा, केन्द्रीय सह अभियान प्रमुख शम्भू कुमार सिंह, प्रभाग अभियान प्रमुख मनोज कुमार मिश्र, प्रभाग सचिव, मुख्य वक्ता नरेन्द्र सिंह चन्देल, कार्यक्रम संयोजक अजय पाण्डेय, कार्यक्रम प्रभारी अनिल, संजय सूर्य, संभाग अभियान प्रमुख बंसल मीडिया संयोजक डॉ. वीरेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे।