Friday , September 20 2024

भारतीय सर्व कोरी समाज ने की सम्राट अशोक महान की जन्म जयंती घोषित करने की मांग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय सर्व कोरी समाज भारत ने चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान के वास्तविक जन्मतिथि की खोज करवाये जाने के साथ ही “महान सम्राट अशोक” की जन्म जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में भारतीय सर्व कोरी समाज के प्रबंधक एडवोकेट राजू देशप्रेमी ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 08 सूत्रीय मांगपत्र भेज कर कहा है कि चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान के वास्तविक जन्मतिथि की खोज करवाई जाए। चन्द्र कैलेंडर के साथ ही अंग्रेजी कैलेण्डर में चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की जन्मतिथि प्रदर्शित की जाए।

भारतीय मुद्राओं में अशोक चिन्ह को हाशिए पर रखने के बजाए पूर्व की भांति बीच में प्रमुखता से जगह दी जाए। सरकारी और गैरसरकारी विद्यालयों में प्राथमिक कक्षाओं से लेकर इंटरमीडियट तक की पाठ्य पुस्तकों में चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की जीवनगाथा और उपलब्धियों, शिक्षाओं को शामिल किया जाए। चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान के नाम पर खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं। चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान के जन्मदिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। अमृत भारत महोत्सव में चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान के जीवनचरित्र पर सार्वजनिक महोत्सव आयोजित किए जाएं। अन्य वे सभी कार्य, जिनसे चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान को भारत में प्रतिष्ठित किया जा सके।