Friday , September 20 2024

20 नवम्बर से अवध शिल्पग्राम में सजेगा हुनर शिल्प महोत्सव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सामाजिक संस्था माँ गायत्री जनसेवा संस्थान एवं नीशू वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा “हुनर शिल्प महोत्सव” का आयोजन 20 नवंबर से 10 दिसंबर तक अवध शिल्पग्राम शहीद पथ, गोमती नगर में किया जाएगा। शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उक्त जानकारी आयोजक अरुण प्रताप सिंह व गुंजन वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करते हुए भारतवर्ष से विलुप्त होती हस्तशिल्प कला को नवजीवन प्रदान करने के साथ रोजगार के अवसर प्रदान करने हेतु, कलाकृतियां और भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए “हुनर शिल्प महोत्सव” आयोजित किया जाएगा।

इस हुनर शिल्प महोत्सव में केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में एमएसएमई के अंतर्गत ओडीओपी को भी शामिल किया जाएगा। देश के विभिन्न राज्यों के शिल्पकार, हुनरमंद एवं हस्तशिल्प कारीगर स्वयं द्वारा हस्तनिर्मित वस्तुओं के साथ महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे। साहित्य, संस्कृति, शिक्षा, संगीत, सिनेमा, शिल्प स्वाद के साथ सांस्कृतिक पंडाल में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए नि:शुल्क मंच प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों एवं समाज और राष्ट्र के प्रति उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों को प्रोत्साहित करने हेतु सम्मानित भी किया जाएगा। महोत्सव में विभिन्न प्रकार के झूलों के साथ मनोरंजन के बहुत सारे संसाधन भी उपलब्ध होंगे।

आयोजक रनवीर सिंह ने बताया की महोत्सव में सुरक्षा की दृष्टि से संपूर्ण महोत्सव परिसर सुरक्षा कर्मियों के साथ ही सीसीटीवी कैमरे के निगरानी में रहेगा। विनय द्विवेदी ने बताया कि महोत्सव दुबई थीम पर आधारित होगा। महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम की जानकारी देते हुए गुंजन वर्मा ने बताया कि भारत की लुप्त हो रही कला संस्कृति को संजोते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाएंगे। 

कार्यक्रम के संयोजन का कार्य मनोज सिंह चौहान, रोली जायसवाल, हेमू चौरसिया, मोनालिसा, संदीप शुक्ला, बद्री विशाल पांडे, नीलम श्रीवास्तव, सूरज जैसवानी, कृष्णा प्रताप सिंह, सत्य शरण सिंह, मनीष पंडित, विशाल श्रीवास्तव, शंकर वर्मा,  रोली सिंह, उमा सिंह, सरूपा तिवारी, सौम्या शुक्ला, दीपिका मिश्रा, विवेक सिंह, आयुष त्रिपाठी, उत्तम पोरवाल द्वारा किया जाएगा। मंच का संचालन संस्था के प्रवक्ता आरजे प्रदीप शुक्ला करेंगे।