Thursday , September 19 2024

जलभराव से निजात दिलाने के लिए सुएज इंडिया ने अपने कर्मचारियों के कार्यों को सराहा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे डेस्क)। मुख्य मार्ग हो या गली मोहल्ला, दो दिन पूर्व राजधानी में हुई भारी बारिश के चलते सड़के तालाब बन गई थी। भीषण जलभराव ने जिम्मेदारों के दावों की पोल खोल दी थी। अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक सभी को ग्राउंड जीरो पर उतरना पड़ा था। वहीं सुएज इंडिया ने दावा किया है कि उनकी टीम ने नगर आयुक्त के कुशल निर्देशन में नगर निगम की टीम के साथ मिलकर राजधानी में हुए जलभराव को तेजी से दूर करने में सफलता प्राप्त की। जहां पहले बारिश होने से कई दिनों तक जलभराव की समस्या बनी रहती थी, वहीं इस बीते रविवार की रात हुई भारी बारिश के बाद शहर को 24 घंटे के अंदर ही जलभराव की स्थिति से निजात मिली। कर्मचारियों की इस प्रतिबद्धता के लिए सुएज इंडिया प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए मौके पर जाकर प्रोत्साहित किया एवं उनके कार्यों को सराहा।

सुएज इंडिया ने मशीनों और संसाधनों को तत्परता से तैनात कर नगर निगम के साथ संयुक्त प्रयास से जलभराव वाले क्षेत्रों को तेजी से निकालने में सफलता प्राप्त की। सुएज इंडिया के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजेश मठपाल ने इस चुनौतीपूर्ण स्थिति के दौरान स्वेज इंडिया टीम की अथक प्रतिबद्धता के लिए प्रशंसा व्यक्त की। उन्होंने कहाकि मौसम विभाग द्वारा खराब मौसम की चेतावनी के बाद भी, सुरक्षा का पूरा ध्यान रखते हुए, इस संकट के समय में जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत पहुंचाने में सुएज इंडिया टीम का अटूट समर्पण वास्तव में सराहनीय है। उन्होंने बताया कि सुएज इंडिया के कर्मचारियों के इन असाधारण प्रयासों के लिए आभार व्यक्त करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए सुएज इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी व्यक्तिगत रूप से मौके पर गए।