Thursday , September 19 2024

भग्वध्वज को रक्षा सूत्र बांधकर देश की एकता व अखण्डता बनाये रखने का लिया गया संकल्प

संघ की ओर से छ: स्थानों पर मनाया गया रक्षाबंधन उत्सव 

 

सम्पूर्ण हिन्दू समाज को एकता के सूत्र में जोड़ने का काम कर रहा संघ 

भारत सम्पूर्ण दुनिया का मार्गदर्शन करने की ओर अग्रसर :स्वामी विज्ञानानंद 

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से मंगलवार को लखनऊ के चार अलग—अलग स्थानों पर रक्षाबंधन उत्सव संपन्न हुए। सम्पूर्ण हिन्दू समाज को एकता के सूत्र में पिरोकर समरस समर्थ राष्ट्र निर्माण में लगे स्वयंसेवकों ने सपरिवार इस कार्यक्रम में सहभागी हुए। सभी स्वयंसेवकों ने एक दूसरे को रक्षासूत्र बांधकर राष्ट्र व समाज रक्षा का संकल्प लिया। 

पूरब भाग द्वारा कुंवर ग्लोबल स्कूल देवा रोड, चिनहट में रक्षाबंधन उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर विश्व हिन्दू फाउंडेशन के अध्यक्ष व विश्व हिन्दू परिषद के संयुक्त महासचिव स्वामी विज्ञानानंद ने कहा कि भारत दुनिया का मार्गदर्शन करने की ओर अग्रसर है। हम सभी को इसके लिए सार्थक प्रयास करने की आवश्यकता है। आज कुछ विभेदकारी शक्तियां समाज को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं। हमें रक्षा बंधन पर्व पर यह प्रतिज्ञा करनी होगी कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और विभेदकारी तत्वों से समाज को बचाने के लिए कटिबद्ध रहेंगे। 

स्वामी विज्ञाननंद ने कहा कि भारत की परिवार व्यवस्था हमारी अमूल्य धरोहर है। आज हमारे परिवार टूट रहे हैं इसे भी बचाने का संकल्प हम सबको करना है। उन्होंने कहा कि सभी हिन्दू सहोदर भाई हैं। कोई ऊंच-नीच नहीं है। सभी समान हैं। हम सभी भारत मां के पुत्र—पुत्री हैं। रक्षा बंधन उत्सव हमें यह सिखाता है कि संस्कृति की रक्षा करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता लाल प्रसाद सिंह ने की। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक कौशल, पूर्व प्रांत संघचालक प्रभु नारायण श्रीवास्तव, भाग संघ चालक प्रभात आधौलिया व सह संघ चालक अरुण कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

समाज को एक सूत्र में जोड़ने का काम कर रहा संघ : ओमपाल सिंह

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पश्चिम भाग लखनऊ द्वारा पूर्व संध्या पर रक्षाबन्धन उत्सव, शकुन्तला मिश्रा विश्वविद्यालय के अटल आडोटोरियम मोहन रोड में बड़े धूमधाम से मनाया गया। जिसमें मातायें, बहनें व स्वयंसेवक सपरिवार एकत्र हुए। संघ परिवार के भइया व बहनों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, नृत्य व झलकियां प्रस्तुत की। कार्यक्रम में परम पवित्र भग्वध्वज को रक्षा सूत्र बांध कर देश की एकता व अखण्डता बनाये रखने के प्रति समर्पण व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संयुक्त क्षेत्र कुटुम्ब प्रबोधन प्रमुख ओमपाल सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन आपसी सदभाव बढ़ाने व ऊंच नीच के भेदभाव समाप्त करने वाला उत्सव है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 98 वर्षों से समाज को एक सूत्र में जोड़ने का काम कर रहा है। 

उन्होंने कहा कि रक्षाबन्धन उत्सव समाज के ह्रदय को जोड़ने का रक्षा सूत्र है। ईश्वर रूपी समाज की चिन्ता करना संघ का लक्ष्य व कार्य है  इसलिए संघ कार्य ईश्वरीय कार्य है। भाग कार्यवाह अनुज ने बताया कि संघ के 6 उत्सवों में कार्यक्रम की अध्यक्षता बौद्ध धर्म के धर्मगुरु भन्ते ज्ञाना लोक विहाराध्यक्ष बुद्ध विहार सोसाइटी ऑफ इंडिया लखनऊ द्वारा की गयी। इस अवसर पर भाग के संचालक हरी कुमार, भाग कार्यवाह अनुज व गुरुमिलन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

लखनऊ दक्षिण भाग की ओर से आशियाना स्थित लखनऊ पब्लिक सभागार में रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह वीरेन्द्र जायसवाल ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। क्षेत्र कार्यवाह वीरेन्द्र जायसवाल ने अपने उदबोधन में कहा कि रक्षाबन्धन उत्सव संघ के छः उत्सवों में एक है जो आपसी सदभाव बढ़ाने व ऊंच नीच का भेदभाव समाप्त करने वाला उत्सव है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ स्थापना काल से ही हिन्दू समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजीव जैन (मुख्य संयोजक जैन धर्म लखनऊ) द्वारा की गयी। अपने आशीर्वचन में उन्होंने कहाकि रक्षाबन्धन उत्सव समाज को समरस व उसमे एकरूपता बनाये रखने वाला पर्व है और समाज में ऐसे उत्सव निरन्तर मनाते रहना चाहिए। इस अवसर पर भाग संघचालक सुभाष अग्रवाल व भाग कार्यवाह धीरेन्द्र प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

संस्कृति व सनातन धर्म की रक्षा के संकल्प का पर्व है रक्षाबंधन : नवल जी 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, उत्तर भाग लखनऊ की ओर से सरस्वती विद्या मंदिर सेक्टर क्यू अलीगंज में रक्षाबंधन उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र सेवा प्रमुख नवल जी ने रक्षाबंधन उत्सव पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि रक्षाबंधन उत्सव केवल भाई बहन का पर्व नहीं है ये राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा के संकल्प का पर्व भी हैं। आज हमे अपनी संस्कृति और समाज, सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प लेना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता न्याय मूर्ति डॉक्टर डीके अरोरा ने की। कार्यक्रम सह प्रांत सह चालक सुनीत खरे, विभाग संघचालक जयकृष्ण सिन्हा, भाग संघचालक डॉ. विश्वजीत की गरिमामय उपस्थिति रही।