लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंजाब नैशनल बैंक ने भारत में ग्राहकों द्वारा शेयर अधिग्रहण के वित्तपोषण को सुगम बनाने हेतु सहयोग की रूपरेखा तैयार करने के लिए डॉयचे बैंक एजी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।प्रस्तावित व्यवस्था के अंतर्गत, दोनों बैंक ग्राहकों की विशिष्ट आवश्यकताओं के आधार पर विभिन्न माध्यमों के जरिए अधिग्रहण वित्तपोषण लेन-देन पर सहयोग करने के अवसरों की तलाश करेंगे।
इस सहयोग का उद्देश्य शेयर अधिग्रहण लेनदेन करने वाले ग्राहकों के लिए वित्तपोषण समाधान सुगम बनाने हेतु दोनों संस्थानों की संबंधित क्षमताओं का लाभ उठाना है।
इस एमओयू पर पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र और डॉयचे बैंक ग्रुप, इंडिया एंड इमर्जिंग एशिया के सीईओ कौशिक शापरिया की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। एमओयू पर पीएनबी के महाप्रबंधक बिस्वजीत मोहंती तथा डॉयचे बैंक एजी, मुंबई शाखा के प्रबंध निदेशक अनुज अग्रवाल और क्रेडिट सेल्स प्रमुख देवेश मालवीय ने हस्ताक्षर किए।
इस नई साझेदारी पर अपने वक्तव्य में पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा, “डॉयचे बैंक के साथ यह सहयोग अधिग्रहण वित्तपोषण के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अपनी-अपनी क्षमताओं और विशेषज्ञता का लाभ उठाकर, हमारा लक्ष्य कॉर्पोरेट बैंकिंग इकोसिस्टम में अपनी उपस्थिति मजबूत करते हुए ग्राहकों के लिए उनकी आवश्यकतानुसार वित्तपोषण समाधान सुगम बनाना है।”
डॉयचे बैंक ग्रुप, इंडिया एंड इमर्जिंग एशिया के सीईओ कौशिक शापरिया ने कहा, “डॉयचे बैंक के लिए भारत रणनीतिक रूप से एक महत्वपूर्ण बाजार है। एक वैश्विक मुख्य बैंक के रूप में, हम भारतीय कंपनियों के विस्तार करने, उनकी रणनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने और वैश्विक बाजारों के साथ उनके जुड़ाव को गहरा करने में सहयोग के अपार अवसर देखते हैं। पीएनबी के साथ हमारा यह सहयोग दोनों संस्थानों के स्वतंत्र क्रेडिट, जोखिम और प्रशासनिक मानकों को बनाए रखते हुए, पूरक क्षमताओं को एक साथ लाता है और विकास के अवसर तलाश रहे ग्राहकों के लिए वित्तपोषण समाधान खोजने हेतु एक रूपरेखा तैयार करता है।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal