लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राजधानी लखनऊ कृषि क्षेत्र के एक ऐतिहासिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है। इंडियन चैंबर ऑफ फूड एंड एग्रीकल्चर (आईसीएफए) द्वारा आयोजित एग्रोटेक 2026 का रजत जयंती संस्करण 3 से 5 दिसंबर तक आईसीएआर–भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान परिसर में आयोजित होगा। इस आयोजन में अब तक कृषि उद्योग के 140 सीईओ अपनी भागीदारी की पुष्टि कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त 25 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और 15 से अधिक दूतावासों के राजनयिक भी शामिल होंगे। यह आयोजन कृषि निवेश, नवाचार, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारी का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आईसीएफए बोर्ड के सलाहकार एवं पूर्व अध्यक्ष डॉ. एमजे खान, आईसीएफए के निदेशक तुषार शर्मा तथा आईसीएफए उत्तर प्रदेश परिषद के सदस्य डॉ. एमपी भट्ट ने बताया कि आयोजन की घोषणा के बाद से तैयारियों और प्रतिभागियों की संख्या में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, ब्राजील, नीदरलैंड, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, मोरक्को, मिस्र, केन्या, नाइजीरिया, न्यूजीलैंड, घाना, सिंगापुर, आइवरी कोस्ट, थाईलैंड सहित 25 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। साथ ही 15 से अधिक देशों के दूतावासों के राजनयिकों की उपस्थिति से कृषि व्यापार, निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की नई संभावनाओं को बल मिलेगा।
प्रमुख प्रतिभागियों में कर्नाटक कृषि आयोग के अध्यक्ष एवं किसानों की आय दोगुनी करने संबंधी प्रधानमंत्री कार्यबल के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अशोक दलवाई, महाराष्ट्र किसान आयोग के अध्यक्ष पाशा पटेल, भारत बीज निगम के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार, नेशनल ऑर्गेनिक एक्सपोर्ट्स लिमिटेड के अध्यक्ष पीके बंसल तथा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह सहित अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी।
इसके अतिरिक्त बीज, कृषि रसायन, उर्वरक, ट्रैक्टर एवं सिंचाई उद्योगों के राष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख, अयोध्या (फैजाबाद), झांसी, करनाल, लुधियाना और परभणी सहित विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक, प्रमुख संस्थानों के अध्यक्ष और उद्योग विशेषज्ञ भी भाग लेंगे।
एग्रोटेक 2026 के अंतर्गत आयोजित चौथे उत्तर प्रदेश राज्य कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 4 दिसंबर को लखनऊ में करेंगे। सम्मेलन में कृषि नीतियों, निवेश, आधारभूत संरचना, कृषि व्यवसाय विकास, निर्यात, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा किसान-उद्योग साझेदारी को मजबूत करने पर विशेष चर्चा होगी। इस अवसर पर कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्तर प्रदेश राज्य उत्कृष्टता पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
तीन दिवसीय आयोजन में दो प्रमुख सम्मेलन — कृषि सहकारिता सम्मेलन और कृषि उद्यम सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें सहकारिता आधारित कृषि विकास, कृषि उद्यमिता, स्टार्टअप, निवेश, कृषि प्रसंस्करण और बाजार से जुड़ाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
इसके अतिरिक्त किसानों के लिए छह विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। जिन्हें वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक और तकनीकी विशेषज्ञ संबोधित करेंगे। इन कार्यशालाओं में कृषि उत्पादकता बढ़ाने, खेती की लागत घटाने, लाभप्रदता में सुधार और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के व्यावहारिक उपाय बताए जाएंगे।
आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पंजाब के 12 पद्म पुरस्कार प्राप्त प्रगतिशील किसानों की भागीदारी होगी। साथ ही उत्तर प्रदेश के नवाचारी एवं प्रगतिशील किसानों को 25 जिला उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों के माध्यम से जमीनी स्तर पर नवाचार, सफल कृषि मॉडल, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. एमजे खान ने कहा, “एग्रोटेक का रजत जयंती संस्करण लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय कृषि विशेषज्ञों, उद्योग जगत के नेतृत्व और किसानों का एक अभूतपूर्व संगम बनने जा रहा है। 25 से अधिक देशों, 140 कृषि उद्योगों के सीईओ और 15 से अधिक दूतावासों के राजनयिकों की भागीदारी से उत्तर प्रदेश में निवेश आकर्षित करने, वैश्विक साझेदारी विकसित करने और कृषि आधुनिकीकरण को गति देने के बड़े अवसर पैदा होंगे। हमारा उद्देश्य इन चर्चाओं और संवादों को ठोस व्यावसायिक सहयोग, तकनीकी साझेदारी और किसानों के लिए वास्तविक लाभ में बदलना है।”
आईसीएफए के निदेशक तुषार शर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से 10,000 से अधिक किसानों के भाग लेने की संभावना है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए विशेष कार्यशालाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रदर्शन, उद्योग प्रतिनिधियों से सीधे संवाद तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कंपनियों और सरकारी संस्थानों के बीच साझेदारी के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
आईसीएफए उत्तर प्रदेश परिषद के सदस्य डॉ. एमपी भट्ट ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक जानकारी, उन्नत कृषि पद्धतियों और बेहतर बाजार अवसरों तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
एग्रोटेक 2026 में विशाल कृषि प्रदर्शनी, आधुनिक कृषि मशीनरी एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के लाइव प्रदर्शन, बी2बी और बी2जी बैठकें, एफपीओ-उद्योग साझेदारी, निवेशकों के साथ संवाद तथा बीज, फसल सुरक्षा, उर्वरक, सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, डिजिटल कृषि और कृषि वित्त जैसे विषयों पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
एग्रोटेक के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह ऐतिहासिक संस्करण उत्तर प्रदेश की विशाल कृषि क्षमता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ राज्य को कृषि व्यवसाय निवेश, नवाचार और वैश्विक कृषि सहयोग के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal