Monday , November 16 2026

फैजुल्लागंज में विधायक निधि से लगे 5 समरसेबल पंप, डॉ. नीरज बोरा ने किया लोकार्पण

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाढ़ के बाद दूषित पेयजल और उससे होने वाली बीमारियों की आशंका के बीच फैजुल्लागंज के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है। क्षेत्र की पांच कॉलोनियों में विधायक निधि से स्थापित कराए गए समरसेबल पंपों के शुरू होने से स्थानीय लोगों को पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने विभिन्न स्थानों पर इन समरसेबल पंपों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया।

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सबसे पहले फैजुल्लागंज के लोहरामऊ स्थित कृष्णा कॉलोनी और राम विहार कॉलोनी में लोधी मार्केट के निकट लगे समरसेबल पंप का उद्घाटन किया। इसके बाद दाउदनगर स्थित तिरंगा चौराहे पर स्थापित पंप का लोकार्पण किया। उन्होंने गोमती विहार कॉलोनी में रामजी ट्रेडर्स के सामने वाली गली और साठ फीट रोड स्थित श्री बालाजीपुरम में स्थापित समरसेबल पंप भी जनता को समर्पित किए।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि फैजुल्लागंज क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित रहा है। ऐसे में क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। लोगों को दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाने और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विधायक निधि से स्थापित इन समरसेबल पंपों के चालू होने से स्थानीय नागरिकों को पेयजल की उपलब्धता में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही समरसेबल पंपों का नियमित रखरखाव किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को निर्बाध रूप से स्वच्छ पेयजल मिलता रहे।

कार्यक्रम में शैलेन्द्र मौर्य, प्रमोद चतुर्वेदी, रामशरन सिंह, सुनील सिंह, शैलेन्द्र चतुर्वेदी, प्रदीप शुक्ला, अनिल मिश्र, लवकेश सिंह, आदित्य गौड़, शीलू जायसवाल, सचिन गुप्ता, विशाल राजपूत, अवधेश, बुद्धि सागर मिश्रा, अभय तिवारी, वीरेंद्र पटेल, जयशंकर शुक्ला, जितेंद्र शुक्ला, ललित मिश्रा, पारुल शुक्ला, शिखा पाण्डेय एवं शैल्या शुक्ला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।