लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोमती तट स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में आयोजित 14 दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव के चौथे दिन गुरुवार को लोक संस्कृति, संगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। महोत्सव परिसर में सजे आकर्षक स्टॉल, भव्य मंच और पारंपरिक वेशभूषा में छोलिया दल की प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। दिनभर विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली।
उत्तराखंड महापरिषद की ओर से आयोजित महोत्सव के चौथे दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और उत्तर प्रदेश मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महापरिषद के संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह रावत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए घनानंद पांडेय मेघ को सुमित्रानंदन पंत स्मृति सम्मान-2026 तथा संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए दर्शन सिंह परिहार को गोपाल बाबू गोस्वामी स्मृति सम्मान-2026 प्रदान किया।
ये भी पढ़े : सेना में करियर बनाने का मौका, उत्तराखंड महोत्सव में युवाओं की हो रही काउंसलिंग
मुख्य अतिथि विजय विश्वास पंत ने महापरिषद को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि महोत्सव का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना, लोगों के बीच आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देना तथा सामूहिक रूप से खुशियां साझा करना है। वहीं, जितेंद्र प्रताप सिंह ने लोक कला और संस्कृति के संरक्षण के लिए महापरिषद के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोक कलाकारों को मंच उपलब्ध कराते हैं। कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति और परंपराओं के संदेशवाहक बनते हैं। इससे विशेष रूप से युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है और यह धरोहर अगली पीढ़ी तक पहुंचती है।

युवाओं को अग्निवीर भर्ती की जानकारी
महोत्सव में भारतीय सेना के सहयोग से अग्निवीर भर्ती योजना के संबंध में जानकारी और मार्गदर्शन देने के लिए विशेष स्टॉल लगाया गया है। उत्तराखंड महापरिषद के आग्रह पर भर्ती मुख्यालय की ओर से स्थापित इस स्टॉल पर युवाओं को भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मानक, चयन प्रक्रिया और आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
महापरिषद के मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह कनवाल ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी केके हॉस्पिटल की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। इसमें लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ शुगर और बीपी की जांच की जा रही है। जरूरतमंदों को दवाएं भी वितरित की जा रही हैं।

योग और स्वास्थ्य पर हुई परिचर्चा
दोपहर दो बजे से आयोजित कार्यक्रमों में महापरिषद की महिला शाखा की अध्यक्ष पुष्पा वैष्णव और वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनीता कनवाल की देखरेख में योग, ध्यान, स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय पर परिचर्चा हुई। इसमें पूनम आर्या, डॉ. संगीता गुप्ता, सीमा शर्मा, सौम्या अवस्थी, मांडवी यादव, यशोदा शर्मा और श्रवण गुप्ता ने योग के लाभों तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
संस्कृति विभाग, देहरादून के सहयोग से आए अल्मोड़ा के उधांचल कला केंद्र के छोलिया दल ने पारंपरिक वेशभूषा और वाद्य यंत्रों के साथ शानदार प्रस्तुति दी। कलाकारों के पारंपरिक करतब और लोकधुनों ने दर्शकों को आकर्षित किया। सूचना विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से भूषण डांस ग्रुप ने चंद्र भूषण अग्रवाल और मीनाक्षी अग्रवाल के निर्देशन में समूह नृत्य प्रस्तुत किया। अभिज्ञान प्रताप सिंह ने उत्तराखंडी लोकनृत्य और सौम्या सिंह मेहरा ने एकल नृत्य की प्रस्तुति दी। अनन्या बिष्ट ने योग और जिम्नास्टिक का प्रदर्शन कर दर्शकों की तालियां बटोरीं।

रामलीला समिति तेलीबाग की ओर से राजेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आए कलाकारों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। खुशी देउपा, काव्या सामंत, आध्या सामंत और सुरश्री रावत ने एकल नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि प्राची पोखरिया-नाभिया शुक्ला तथा मेद्या पोखरिया-अवरिता शुक्ला की युगल नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनोरंजन किया।
झोड़ा और छपेली की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक
शाम छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला और तेज हो गया। राधा बोरा के नेतृत्व में सामान्य झोड़े की प्रस्तुति हुई। इसके बाद महिला झोड़ा प्रतियोगिता में पांच दलों ने प्रतिभाग किया। रेनू कांडपाल के नेतृत्व में कुर्मांचल नगर, हरीतिमा पंत के नेतृत्व में संगीत संस्कृति फाउंडेशन, सुशीला नेगी के नेतृत्व में वसुंधरापुरम, राजेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में रामलीला समिति तेलीबाग तथा पुष्पा गैलाकोटी और पुष्पा वैष्णव के नेतृत्व में उत्तराखंड महापरिषद के दलों ने पारंपरिक झोड़ा नृत्य प्रस्तुत किया। लोकगीतों की धुन पर कलाकारों के सामूहिक नृत्य ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक उल्लास की खूबसूरत तस्वीर पेश की।

‘वॉयस ऑफ उत्तराखंड’ कार्यक्रम में प्राची रावत, पावनी बजेठा और खुशी रावत ने एकल गायन के साथ सामूहिक छपेली की प्रस्तुति दी। पारंपरिक लोकगीतों और मधुर स्वरों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘नाचेगा भारत सीजन-3’ में कुर्मांचल नगर, नृत्य डांस अकादमी, देवभूमि वृंदावन सांस्कृतिक समिति और अंशिका डांस इंस्टीट्यूट के चार दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से युवा प्रतिभाओं का हुनर दिखाया।
वहीं, ‘डांस उत्तराखंड डांस सीजन-5’ में कुटुम्ब ग्रुप मायापुरी, देवभूमि कलाकृति तेलीबाग और ब्रह्म कमल सांस्कृतिक एवं सामाजिक समिति इंदिरा नगर विस्तार के तीन दलों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं। तीनों दलों की सामूहिक छपेली प्रस्तुति में कुमाऊंनी लोक संस्कृति, प्रेम और उल्लास की झलक देखने को मिली।

कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगा पांचवां दिन
महोत्सव के पांचवें दिन शुक्रवार को दोपहर दो बजे से एकल गायन प्रतियोगिता आयोजित होगी। शाम चार बजे छोलिया नृत्य, आरंभ डांस अकादमी देहरादून की प्रस्तुति, सरस्वती वंदना, कथक तराना और करीब दस गायकों की ओर से कैरोके सिंगिंग की प्रस्तुतियां होंगी। शाम छह बजे से सामान्य झोड़ा, संस्कृति विभाग देहरादून के कलाकारों की प्रस्तुतियां और महिला झोड़ा प्रतियोगिता के पांच दल अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
इसके साथ ही उत्तराखंड के लोकप्रिय गायक चंदन मेहरा स्टार नाइट में अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। पुरुष झोड़ा प्रतियोगिता में रामलीला समिति तेलीबाग का दल प्रस्तुति देगा। ‘वॉयस ऑफ उत्तराखंड’ में तीन गायकों का एकल गायन और सामूहिक छपेली होगी। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के सहयोग से आगरा की खुशी मयूर लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा ‘नाचेगा भारत सीजन-3’ के चार और ‘डांस उत्तराखंड डांस सीजन-5’ के दो दलों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal