Tuesday , November 10 2026

कानपुर के कारोबार को मिलेगी वित्तीय मजबूती, रेलिगेयर फिनवेस्ट ने खोली नई शाखा

कानपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड (आरएफएल) ने बुधवार को ग्राउंड फ्लोर, जीसी-33, आवास विकास, कल्याणपुर में अपनी शाखा का उद्घाटन किया। इस हफ्ते उत्तर प्रदेश में यह कंपनी की दूसरी शाखा है। यह शाखा कानपुर और आसपास के औद्योगिक इलाके के व्यापारियों, छोटे मैन्युफैक्चरर्स, सेल्फ-एम्प्लॉयड प्रोफेशनल्स और नौकरीपेशा लोगों को प्रॉपर्टी के बदले लोन (एलएपी), यूज्ड कार लोन, कमर्शियल लोन और बिजनेस लोन देगी।

सोल प्रोप्राइटर यानी‍ सिंगल कारो‍बारियों को दिए जाने वाले लोन भारत में क्रेडिट के सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक हैं। इनमें बिजनेस लोन, एलएपी और कमर्शियल लोन आते हैं। क्रिफ की ‘हाउ इंडिया लेंड्स’ रिपोर्ट के मुताबिक जून 2026 तक यह पोर्टफोलियो 55.0 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 24.4% ज्यादा है। अब कुल रिटेल लोन में इसकी हिस्सेदारी 30.8% है। क्रिफ ने उत्तर प्रदेश को लगभग हर रिटेल क्रेडिट श्रेणी में तेज ग्रोथ का इंजन बताया है।

रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ कार्तिक श्रीनिवासन ने कहा, “कानपुर के व्यापारी और मैन्युफैक्चरर्स हमेशा से उद्यमी सोच वाले रहे हैं। उन्हें जरूरत है ऐसी संस्था से समय पर क्रेडिट की, जो उनके कारोबार को समझे और उनके पास ही मौजूद हो। कानपुर शाखा कई तरह के रिटेल लोन देने वाली एनबीएफसी के रूप में हमारी नपी-तुली वापसी का हिस्सा है। यह वापसी कर्मचारी रिस्क को लेकर अनुशासन और टेक्नोलॉजी पर टिकी है। हम अपनी कामयाबी को ग्रोथ के साथ-साथ उसकी क्‍वॉलिटी और मजबूती से भी मापेंगे। साथ ही यह भी देखेंगे कि हम उन ग्राहकों को कितनी अच्छी तरह सेवा दे पाते हैं, जिन तक बैंकिंग सुविधाएं कम पहुंचती हैं और जिनके लिए ही हमारी स्थापना हुई थी।”