लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दूसरों के घरों में रोशनी करना ही भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का मूल संदेश है। प्रकाश केवल अंधकार को मिटाने का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में आशा और खुशहाली लाने का प्रतीक भी है। इसी भावना के साथ मैंने संकल्प लिया था कि जब फैजुल्लागंज में प्रभावित परिवार अपने यहां दीप प्रज्ज्वलित कर दीपक जलाएंगे, तभी मैं अपने घर में दीपक जलाऊंगा। आज उसी संकल्प को पूरा करने की भावना के साथ आपके बीच उपस्थित हूँ।
विधायक डॉ. बोरा ने कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या के श्रीराम मंदिर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, उसी भावना के साथ फैजुल्लागंज में भी दीपोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फैजुल्लागंज के लोगों के जीवन में खुशहाली और उजाला लाना ही उनका संकल्प है।फैजुल्लागंज स्थित महावीर लॉन में लायंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा आयोजित फ्लड रिलीफ एक्शन समारोह में बाढ़ प्रभावित परिवारों को संबोधित करते हुए उक्त बातें लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कही।

समारोह के दौरान फैजुल्लागंजवासियों ने दीप प्रज्वलित कर क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों तथा बाढ़ के दौरान किए गए बचाव एवं राहत कार्यों के लिए विधायक डॉ. नीरज बोरा के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान लोगों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ योगी सरकार की सराहना की। उपस्थित क्षेत्रवासियों ने एक स्वर में विधायक के कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम में लायंस क्लब की ओर से जरूरतमंद परिवारों को राशन किट का वितरण भी किया गया।
विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में उन्हें और उनके कार्यकर्ताओं को फैजुल्लागंज की जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने फैजुल्लागंज को बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के प्रयासों के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि पक्का पुल से आईआईएम रोड तक लगभग साढ़े पांच किलोमीटर लंबे तटबंध तथा 12 फ्लड पंपिंग स्टेशन के निर्माण के लिए 331 करोड़ रुपये की स्वीकृति क्षेत्र के विकास और बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
विधायक ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र की सभी सड़कों को दोबारा बनवाने के निर्देश दिए हैं। आने वाले समय में फैजुल्लागंज में भी बेहतर सड़क, जलनिकासी और आधारभूत सुविधाएं विकसित होंगी तथा क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में फैजुल्लागंज भी विकास और सुविधाओं के मामले में गोमती नगर की तरह विकसित होगा।
इस अवसर पर सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति विवेक सिंह तोमर, लायन क्लब इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर परमजीत सिंह, वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डी.एस. टोनी, लायन नवीन झिंगरन, लायन सुदीप कुलश्रेष्ठ, लायन सुधाकर रस्तोगी, लायन मनोज रोहेला, अंकुश बाजपेई, सतीश वर्मा, श्रेया निगम, सुधीर सिंह, शीलू जायसवाल, प्रमोद चतुर्वेदी, दिनेश पाल, रामशरण सिंह, सुनील सिंह, किशोर प्रजापति सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal