वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका, युवा शक्ति और नवाचार से मिलेगी नई गति
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। खुन खुन जी गर्ल्स डिग्री कॉलेज, चौक में मंगलवार को ‘India in Global Economy’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ के अर्थशास्त्र विभाग के डीन एवं विभागाध्यक्ष रविंद्र के. ब्राह्मणे ने छात्राओं को वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका और आर्थिक विकास की संभावनाओं से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि विशाल जनसंख्या और बढ़ती उपभोग क्षमता के कारण भारत आज वैश्विक अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। भारत विश्व की तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। वैश्वीकरण ने व्यापार, उद्योग और निवेश के क्षेत्र में देश के सामने अनेक नए अवसर खोले हैं, हालांकि इसके साथ कई चुनौतियां भी सामने आई हैं।
श्री ब्राह्मणे ने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति में युवा शक्ति, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी विकास और रोजगार के अवसरों का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को देश की आर्थिक प्रगति में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विश्व की विकसित अर्थव्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर छात्राओं के साथ संवाद भी किया।
कार्यक्रम का आयोजन अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. बीना कुमारी एवं वाणिज्य विभाग की अपर्णा टंडन ने किया। समाजशास्त्र विभाग की डॉ. स्नेह लता शिवहरे ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया। संपूर्ण कार्यक्रम प्रो. अंशु कालिया के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal