लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में भारत बौद्धIKS 2.0 राष्ट्रीय परीक्षा–2026 में विद्यार्थियों की प्रभावी सहभागिता एवं बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 2 नवंबर से ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू किया गया है। ये कक्षाएं प्रतिदिन दोपहर 2 से 3 बजे तक गूगल मीट के माध्यम से आयोजित की जा रही हैं।
विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय परीक्षा 21 नवंबर 2026 को संपन्न होगी। परीक्षा में स्नातक एवं परास्नातक स्तर के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। भाषा विश्वविद्यालय को भी इस परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया है। विश्वविद्यालय के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है कि अब तक 758 विद्यार्थियों ने भारत बौद्धIKS 2.0 राष्ट्रीय परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए भाषा विश्वविद्यालय को अपने परीक्षा केंद्र के रूप में चुना है। परीक्षा हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यमों में आयोजित की जाएगी।
विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए व्यवस्थित रूप से तैयार करने तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न आयामों से परिचित कराने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण में विशेष शैक्षणिक पहल की गई है। परीक्षा की मुख्य नोडल अधिकारी डॉ. रुचिता सुजय चौधरी के समन्वयन में प्रतिदिन ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। इन कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, दर्शन, परंपराओं एवं परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। सह-समन्वयक सचिन मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष एवं विभाग प्रभारी भी इस पहल में सहयोग कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव विकास ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को राष्ट्रीय परीक्षा के लिए तैयार करना ही नहीं, बल्कि उनमें भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति समझ, रुचि एवं अकादमिक दृष्टिकोण विकसित करना भी है। डॉ. रुचिता सुजय चौधरी ने बताया कि विद्यार्थियों के साथ आवश्यक सूचनाओं एवं शैक्षणिक मार्गदर्शन को साझा करने के लिए एक व्हाट्सएप समूह भी बनाया गया है एवं उनकी समस्याओं के निवारण हेतु फ़ोन नंबर भी ज़ारी किया गया है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal