लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सेंट जोसेफ विद्यालय का 40वॉ वार्षिकोत्सव समारोह अभिव्यक्ति-2026 का भव्य आयोजन राजाजीपुरम् शाखा के प्रांगण में किया गया। जिसमें श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित “यात्रा सारथी की” पर बच्चों ने अत्यंत ही भावपूर्ण प्रस्तुतियों से उपस्थित जन-समूह को सम्मोहित कर दिया।
दो दिवसीय 40वें वार्षिकोत्सव समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर सुषमा खर्कवाल के साथ सेंट जोसेफ समूह की संस्थापक अध्यक्ष डा0 पुष्पलता अग्रवाल, प्रबन्ध निदेशक अनिल अग्रवाल, नम्रता अग्रवाल, संयुक्त निदेशक सृजन अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। प्राइमरी-जूनियर विंग के बच्चों ने श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित “यात्रा सारथी की” की संगीतमय प्रस्तुति दी। यात्रा सारथी की – के आठ खण्डों में समाहित श्रीकृष्ण चरित देखकर अतिथियों के साथ उपस्थित सभी लोग अपने स्थान पर जड़वत व अविभूत हो गये।

इस अवसर महापौर सुषमा खरकवाल व संस्थापक अध्यक्ष ने अतिथियों एवं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के साथ विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘स्मृतिका‘ का विमोचन किया। महापौर सुषमा खरकवाल ने कहा कि शहर में छात्र छात्राओं को उच्च कोटी की शिक्षा संस्कारों के साथ प्रदान किये जाने की जब भी बात होती है, तो सेंट जोसेफ विद्यालय समूह का नाम सर्वोपरि होता है।

अपने सम्बोधन में संस्थापक अध्यक्ष ने कहा कि सेंट जोसेफ विद्यालय पढाई के साथ बच्चो को अपनी भारतीय संस्कृतिं संस्कारों की शिक्षा पर विशेष बल देता है। बाल्यकाल से ही बच्चों में अपने संस्कारों से परिचित कराना विद्यालय का उद्देश्य है। बच्चों द्वारा प्रस्तुत श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका “यात्रा सारथी की” इस बात का संदेश है।

सेंट जोसेफ विद्यालय समूह के प्रबन्ध निदेशक अनिल अग्रवाल ने सफल मंचन के लिये कार्यक्रम से जुड़े सभी लोगों विशेषकर संयुक्त निदेशक सृजन अग्रवाल तथा इवेंट कोऑर्डिनेटर पलक सिंह भदौरिया एवं अंकित मिश्रा की सराहना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों के साथ सेंट जोसेफ विद्यालय समूह की सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य व शिक्षक शिक्षिकायें उपस्थित रहे। समारोह के अंत में प्रधानाचार्य राजाजीपुरम् शाखा लीना शर्मा ने आमंत्रित अतिथियों व उपस्थित जन समूह के आगमन के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal