Friday , October 16 2026

मां दुर्गा के आशीर्वाद से भारत फिर बनेगा विश्व गुरु : राजनाथ सिंह

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि मां दुर्गा के आशीर्वाद से भारत में इतनी शक्ति और सामर्थ्य आए कि वह फिर से विश्व गुरु के पद पर आसीन हो सके। उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा तेजी से बढ़ी है। पहले भारत की बातों को दुनिया उतनी गंभीरता से नहीं लेती थी, लेकिन आज पूरी दुनिया भारत की बात ध्यान से सुनती है। यह देश की बढ़ती शक्ति और सामर्थ्य का प्रतीक है।

राजनाथ सिंह शुक्रवार को सेक्टर-ई, जानकीपुरम में आयोजित दुर्गा पूजा समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नवरात्र के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से देशवासियों को आशीर्वाद प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से भारत को दोबारा विश्व गुरु के पद पर पहुंचने की शक्ति मिले, यही उनकी कामना है।

रक्षामंत्री ने कहा कि मां दुर्गा आदिशक्ति हैं, अनादि हैं और अनंत हैं। उनकी शक्ति की कोई सीमा नहीं है। नवरात्र के नौ दिनों में श्रद्धालु मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना करते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वह किसी धार्मिक आयोजन में शामिल होते हैं, तो उनका ध्यान उसी देवी-देवता के स्वरूप पर केंद्रित रहता है, जिनकी आराधना के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया है। ऐसे अवसरों पर वह अधिक बोलने के बजाय मां का स्मरण और आशीर्वाद प्राप्त करने को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में शामिल होने का उद्देश्य भी मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करना और सभी को नवरात्र की शुभकामनाएं देना है। 

बड़े स्थल पर आयोजन के लिए सहयोग का आश्वासन

समारोह के दौरान आयोजन समिति की ओर से भविष्य में वर्तमान स्थल उपलब्ध नहीं रहने की स्थिति में दुर्गा पूजा का आयोजन करने के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था का विषय उठाया गया। इस पर राजनाथ सिंह ने आयोजकों को आश्वस्त किया कि लखनऊ महानगर में ही उन्हें दूसरा उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संभव है कि भविष्य में इससे भी बड़ा स्थल मिले और वहां पहले से अधिक भव्य आयोजन किया जा सके।

रक्षामंत्री ने कहा कि आयोजन समिति को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की परंपरा निरंतर बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन श्रद्धा और आस्था से प्रेरित होते हैं। मां दुर्गा की प्रेरणा और कृपा से ही लोगों को हर वर्ष इतने बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की ऊर्जा मिलती है। अंत में राजनाथ सिंह ने एक बार फिर सभी को नवरात्र के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और मां दुर्गा से देश की समृद्धि, शक्ति तथा उन्नति के लिए आशीर्वाद प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, पवन सिंह चौहान, रामचंद्र प्रधान, विधायक ओपी श्रीवास्तव, विशेष कार्यकारी अधिकारी केपी सिंह, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, जनसंपर्क अधिकारी राघवेंद्र शुक्ला, बीबीडी के चेयरमैन विराज सागर, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के चेयरमैन विवेक सिंह तोमर, नगर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, नगर मीडिया प्रभारी अनुराग साहू, राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य रमेश तूफानी, पार्षद राघवराम तिवारी, मान सिंह यादव, पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी, आयोजन समिति के अध्यक्ष बीएन मिश्रा, महासचिव सचिव राकेश पाण्डेय, संयोजक सौरभ बंदोपाध्याय, कमलेश्वर सोनी, लवकुश त्रिवेदी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र शर्मा अटल ने किया।