व्यापारियों की एकजुटता संगठन की सबसे बड़ी ताकत : अमरनाथ मिश्र
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। व्यापारियों की एकजुटता को मजबूत बनाने और उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से लखनऊ व्यापार मंडल ने शुक्रवार को मुंशी पुलिया परिक्षेत्र व्यापार मंडल का गठन किया। मुंशी पुलिया सेक्टर-12 स्थित होटल ब्लॉसम इन में आयोजित कार्यक्रम में मनीष वर्मा को परिक्षेत्र अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रांसगोमती अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने की, जबकि लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, अधिक से अधिक व्यापारियों को इससे जोड़ने और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया।
कार्यकारिणी में प्रदीप अग्रवाल को वरिष्ठ महामंत्री और यशपाल सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। वरिष्ठ सचिव के रूप में सुफल वर्मा, हरीश चंद्र गुप्ता, राहुल अग्रवाल, संजीव गुप्ता, शुभम श्रीवास्तव, अनिल पांडेय, अनुज सिन्हा, आनंद गुप्ता, सुभाष उप्रेती, शिवम सिंह और चांद नबी खान को जिम्मेदारी दी गई। विवेक सिंह बघेल और रामायण श्रीवास्तव को विधि सलाहकार तथा विनय पटेल को सचिव नियुक्त किया गया।
इसी क्रम में समाजीत वर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विजय पांडेय को प्रवक्ता और देवजीत पांडेय को महामंत्री बनाया गया। संतोष त्रिपाठी, तरुण पांडेय, विपिन चौधरी, शिवशंकर यादव और जावेद अली को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मुख्य अतिथि अमरनाथ मिश्र ने कहा कि व्यापार मंडल की सबसे बड़ी ताकत व्यापारियों की एकता और उनका आपसी विश्वास है। संगठन का विस्तार व्यापारियों की आवाज को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएं और उनके समाधान के लिए पूरी सक्रियता से काम करें।
ट्रांसगोमती अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ने तथा उनके हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया।
लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने कार्यक्रम में शामिल व्यापारियों, संगठन के पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का स्नेह, विश्वास और सहयोग ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। लखनऊ व्यापार मंडल व्यापारियों की एकता, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
कोषाध्यक्ष सुहैल हैदर अल्वी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रत्येक व्यापारी की आवाज को मजबूती से उठाना, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना और व्यापार मंडल को और सशक्त बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापारियों के सहयोग और मार्गदर्शन से संगठन नई ऊर्जा और समर्पण के साथ उनके हितों के लिए कार्य करता रहेगा।
नवनियुक्त अध्यक्ष मनीष वर्मा ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के निराकरण और मुंशी पुलिया परिक्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी पवन मनोचा, कोषाध्यक्ष सुहैल हैदर अल्वी, अभिषेक सिंह चौहान, पवन, दीपक, सतनाम सिंह, परमजीत सिंह, ऋषि मेहरा, महामंत्री सोमेश मिश्रा और अमिताभ श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal