Thursday , October 15 2026

GGIC विकास नगर की छात्राओं को सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 6.0 अभियान के द्वितीय चरण के तहत गुरुवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, विकास नगर में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को महिला कल्याण विभाग और अन्य सरकारी विभागों की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवेदन करने के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी के नेतृत्व और जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में महिला कल्याण निदेशालय, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी कार्ययोजना के अनुसार किया गया। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य छात्राओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) और स्पॉन्सरशिप योजना सहित महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन योजना, छात्रवृत्ति योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी भी दी गई। छात्राओं को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में समझाया गया।

जिला प्रोबेशन कार्यालय, लखनऊ हब की जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना द्विवेदी ने छात्राओं को योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक छात्राओं तक पहुंचाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, विकास नगर की प्रवक्ता रश्मि मिश्रा, प्रियंका सिंह, सीमा मिश्रा और मनीषा सक्सेना के साथ सहायक अध्यापिका बबिता रानी वर्मा एवं अपर्णा जौहरी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़े प्रयासों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।