लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंतनगर सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित श्री रामलीला महोत्सव का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस के कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अभय रंजन (रीजनल डायरेक्टर, लखनऊ स्वच्छता अभियान) ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कॉलोनी के लोगों के साथ समिति के संरक्षक मंडल के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मंच पूजन के साथ हुई। इसके बाद बाल कलाकारों ने देवी आरती प्रस्तुत की और भगवान श्रीराम की स्तुति ‘श्री रामचंद्र कृपालु भजु मन, हरण भवभय दारुणम्’ का सस्वर पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके उपरांत रामलीला के प्रथम दिवस का मंचन शुरू हुआ।
रामलीला के पहले दिन श्रीराम जन्म, ताड़का वध, रावण का आगमन, सीता स्वयंवर, भगवान श्रीराम द्वारा धनुष भंग, माता सीता द्वारा जयमाल और लक्ष्मण-परशुराम संवाद जैसे प्रसंगों का मंचन किया गया। बाल कलाकारों और अन्य कलाकारों ने अपने अभिनय से विभिन्न पात्रों को जीवंत किया। विशेष रूप से धनुष भंग और लक्ष्मण-परशुराम संवाद के प्रसंगों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
मंचन में श्रीराम की भूमिका कु. इशाना जोशी, लक्ष्मण की भूमिका कार्तिक रौतेला और सीता की भूमिका कोमल पाण्डेय ने निभाई। भरत के पात्र में पार्थ उप्रेती, शत्रुघ्न के पात्र में जय उप्रेती, रावण के पात्र में समिति के महामंत्री पूरन सिंह नयाल और परशुराम के पात्र में नवीन रावत नजर आए। वहीं, दशरथ की भूमिका भुवन चन्द्र पाण्डेय, विश्वामित्र की भूमिका दीनमणि पाण्डेय, ताड़का की भूमिका हनी सनवाल और जनक की भूमिका हरेन्द्र रौतेला ने निभाई।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर पंतनगर सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष उमेश चन्द्र सनवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal