Thursday , October 15 2026

दीपावली की खरीदारी के साथ मनोरंजन भी, सैफायर एग्जिबिशन में मिलेंगे खास उपहार

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दीपावली की खरीदारी को खास बनाने के लिए सैफायर इवेंट्ज़ की ओर से 15 और 16 अक्टूबर को निराला नगर स्थित द रेगनेंट में ‘सैफायर लाइफस्टाइल एंड हैंडीक्राफ्ट्स एग्जिबिशन’ का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में हस्तशिल्प, फैशन, आभूषण, होम डेकोर और जीवनशैली से जुड़े उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला देखने को मिलेगी। प्रदर्शनी में खरीदारी के साथ मनोरंजन और आकर्षक उपहारों की भी व्यवस्था की गई है।

प्रदर्शनी के पहले दिन 15 अक्टूबर को समाजसेवी नम्रता पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं, 16 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य एवं एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन पवन सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन के गिफ्टिंग पार्टनर ओरिका स्पाइसेज़ एंड क्राफ्ट गिफ्ट्स सॉल्यूशन और मीडिया पार्टनर इंडिया मीडिया रिलेशंस हैं।

एक ही छत के नीचे मिलेंगे विविध उत्पाद

प्रदर्शनी में दीपावली के उपहारों, होम डेकोर, हर्बल स्किनकेयर उत्पादों, पेंटिंग्स, हस्तनिर्मित वस्तुओं और जयपुरी बेडशीट्स की आकर्षक रेंज उपलब्ध होगी। इसके अलावा खादी उत्पाद, कुंदन और चांदी के आभूषण, हस्तनिर्मित ज्वेलरी तथा बनारसी वस्त्र भी प्रदर्शनी का हिस्सा होंगे। कपड़ों की श्रेणी में मुल कॉटन, सिल्क, कलकत्ता कॉटन, सूती कपड़े और विभिन्न प्रकार के सूट खरीदारों के लिए उपलब्ध रहेंगे।

आयोजकों के मुताबिक, प्रदर्शनी का उद्देश्य लखनऊवासियों को दीपावली की खरीदारी के लिए एक ही स्थान पर विविध और विशिष्ट उत्पाद उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही हस्तशिल्प कलाकारों, डिजाइनरों, लाइफस्टाइल ब्रांड्स और उभरते उद्यमियों को अपने उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर देना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

खरीदारी पर उपहार, कैरिकेचर और मनोरंजक खेल

प्रदर्शनी में आने वाले लोगों के लिए कई विशेष आकर्षण भी रखे गए हैं। आगंतुक निःशुल्क कैरिकेचर बनवा सकेंगे, जबकि 5,000 रुपये से अधिक की खरीदारी पर विशेष उपहार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त मनोरंजक खेल और अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। आयोजकों का प्रयास है कि प्रदर्शनी में परिवार के सभी आयु वर्ग के लोगों को खरीदारी के साथ मनोरंजन का अनुभव भी मिले।

सैफायर इवेंट्ज़ के पार्टनर रोटेरियन के.के. श्रीवास्तव और रोटेरियन महबूब किदवई के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शनी का नेतृत्व सिद्धार्थ द्विवेदी और इति अवस्थी कर रहे हैं। आयोजकों ने लखनऊवासियों से प्रदर्शनी में पहुंचकर दीपावली की खरीदारी के नए विकल्पों का लाभ उठाने की अपील की है।