लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, कानपुर के 30 विद्यार्थियों एवं दो शिक्षकों के दल ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा भवन, सदन की कार्यप्रणाली तथा प्रदेश की विधायी एवं संसदीय व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि विद्यार्थियों का विधानसभा भ्रमण उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं कार्य करती हैं।

श्री महाना ने कहा कि विधानसभा वह स्थान है, जहां प्रदेश की जनता से जुड़े विषयों पर जनप्रतिनिधि चर्चा करते हैं और कानूनों का निर्माण होता है। विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने से संसदीय लोकतंत्र के प्रति उनकी समझ और अधिक व्यापक होगी।
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के नीति-निर्माता और समाज के नेतृत्वकर्ता बनेंगे। इसलिए उनमें संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने अध्ययन के साथ देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विधानसभा की ऐतिहासिक एवं स्थापत्य विशेषताओं के साथ-साथ सदन की कार्यवाही, प्रश्नकाल, विधायी प्रक्रिया तथा विभिन्न संसदीय समितियों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें विधानसभा में तकनीक के बढ़ते उपयोग और ई-विधान व्यवस्था के माध्यम से सदन की कार्यवाही को अधिक पारदर्शी एवं पेपरलेस बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया गया।
विद्यार्थियों ने विधानसभा परिसर का भ्रमण करने के साथ अपनी जिज्ञासाएं भी व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि पुस्तकों में पढ़ी गई संसदीय व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अनुभव उनके लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रहा। इस अवसर पर जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की ओर से शुभ्रा श्रीवास्तव एवं अमन केशरवानी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal