Tuesday , October 13 2026

अभिजीत सावंत की वापसी से ‘इंडियन आइडल: लीजेंड्स रिटर्न’ में बढ़ा संगीत का रोमांच

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न का इंडियन आइडल: लीजेंड्स रिटर्न दर्शकों को एक यादगार म्यूज़िकल सफर पर ले जाने के लिए तैयार है। इंडियन आइडल के विजेता अभिजीत सावंत उस आइकॉनिक मंच पर वापसी कर रहे हैं, जहां से उनके म्यूज़िकल सफर की शुरुआत हुई थी। उनकी इस बहुप्रतीक्षित वापसी का स्वागत उनके साथी सीज़न प्रतियोगी अमित साना और जज हिमेश रेशमिया करते हैं, जिससे यह पुनर्मिलन शो की शानदार म्यूज़िकल विरासत का एक यादगार जश्न बन जाता है।

अभिजीत सावंत की वापसी के महत्व के बारे में बात करते हुए, सीज़न 1 के रनर-अप अमित साना ने उनके प्रति अपनी प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा, “अभिजीत सावंत के बिना इंडियन आइडल, इंडियन आइडल नहीं हो सकता।” उनके दिल से निकले इन शब्दों ने शो के इतिहास में अभिजीत की खास जगह और उस गहरे जुड़ाव को बयां किया, जो उन कलाकारों के बीच आज भी कायम है, जिन्होंने इस आइकॉनिक मंच से अपने सफर की शुरुआत की थी।

उत्साह को और बढ़ाते हुए, जज हिमेश रेशमिया ने पूरे जोश के साथ कहा, “अब बनेगा यह शो ब्लॉकबस्टर”, एक यादगार म्यूज़िकल एंट्री करते हुए, अभिजीत सावंत ने अपनी दिल को छू लेने वाली प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया ‘हर किसी को नहीं मिलता प्यार ज़िंदगी में’  की शानदार प्रस्तुति के साथ अभिजीत सावंत ने अपने इंडियन आइडल सफर से जुड़ी यादों को एक बार फिर ताज़ा कर दिया। 

शो में उनके योगदान और अपने संगीत के ज़रिए छोड़े गए प्रभाव की सराहना करते हुए, हिमेश रेशमिया ने आगे कहा, “अभिजीत सावंत के लिए मैं यहीं कहना चाहूंगा, इंडियन आइडल का कर्ज चुकाया आपने, धमाका मचाया आपने, आशिक बनाया आपने।”

अपने जीवन को बदल देने वाले उस मंच पर वापसी को याद करते हुए, अभिजीत सावंत ने कहा, “इंडियन आइडल के मंच पर दोबारा कदम रखना मेरे लिए भावनाओं से भरा एक अविश्वसनीय अनुभव है, क्योंकि यही वह जगह है जहां से मेरी ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल गई थी। मुझे आज भी वह घबराहट, वह उम्मीद और वे बड़े-बड़े सपने याद हैं, जिनके साथ मैं दो दशक पहले पहली बार इस मंच पर खड़ा हुआ था। उस समय मुझे अपने आगे आने वाले सफर का बिल्कुल अंदाज़ा नहीं था। इस खिताब ने मुझे एक पहचान दी, लेकिन उससे भी बढ़कर इसने मुझे करोड़ों लोगों का प्यार दिया और वही प्यार आज भी मेरी सबसे बड़ी ताकत है। ‘इंडियन आइडल: लीजेंड्स रिटर्न’ के लिए वापसी करना सिर्फ पुरानी यादों को फिर से जीने के बारे में नहीं है, बल्कि यह उस सफर को फिर से महसूस करने, दर्शकों के साथ पिछले बीस वर्षों में बने इस रिश्ते का सम्मान करने और एक बार फिर अपना सर्वश्रेष्ठ देने का अवसर है। यह मंच हमेशा मेरा सच्चा घर रहेगा।”

फ्रेमैन्टल द्वारा निर्मित इंडियन आइडल: लीजेंड्स रिटर्न एक बार फिर आइकॉनिक आवाज़ों को मंच पर साथ लेकर आ रहा है। यह शो भावनाओं से भरे पुनर्मिलन और शानदार परफॉर्मेंसेज़ का जश्न मनाता है, जो भारतीय संगीत के एक यादगार दौर की स्मृतियों को फिर से जीवंत करते हैं। साथ ही, यह उन कलाकारों, उनके सफर और उन अविस्मरणीय पलों को सम्मान देता है, जिन्होंने इस शो की विरासत को आकार दिया है।