Monday , September 14 2026

पल्टन छावनी में सजा बप्पा का दरबार, सात दिवसीय गणेश उत्सव का शुभारंभ

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। श्रीगणेश चतुर्थी के अवसर पर पल्टन छावनी सेक्टर-ए, सीतापुर रोड योजना कॉलोनी में सात दिवसीय श्रीगणेश उत्सव का शुभारंभ सोमवार को विधि-विधान के साथ हुआ। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री गणेश उत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

पं. राजकिशोर बाजपेई ने मंत्रोच्चार और विधिवत पूजन के साथ प्रथम पूज्य भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना कराई। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजन के तहत बप्पा के दरबार में प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे और शाम 8:30 बजे आरती तथा भजन-कीर्तन होगा। 15 सितंबर को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 19 सितंबर को भंडारा होगा, जबकि 21 सितंबर को गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

गणेश उत्सव के लिए पंडाल और बप्पा का दरबार स्थानीय बच्चों एवं युवाओं ने मिलकर आकर्षक ढंग से सजाया है। प्रतिमा स्थापना के अवसर पर अजय कुशवाहा, गीता, श्रीकृष्ण कुशवाहा, कृष्णावती, राजकुमार, आरती, कोमल, महिपाल सिंह, पूजा, मनीष पाल, शिखा, प्रांशु, शालू, कुलदीप, विजय, शम्भू शरण वर्मा, मंगल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।