Saturday , September 5 2026

सेकंडों में ट्रेडिंग का नया अनुभव, HDFC स्काई ने लॉन्च किया ‘स्कैल्पर टर्मिनल’

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। शेयर बाजार में तेजी से बदलते हालात के बीच कुछ सेकंड का फैसला भी ट्रेडर के मुनाफे और नुकसान में बड़ा अंतर पैदा कर सकता है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए एचडीएफसी सिक्योरिटीज के डिस्काउंट ब्रोकिंग ऐप एचडीएफसी स्काई ने सक्रिय ऑप्शंस ट्रेडर्स के लिए ‘स्कैल्पर टर्मिनल’ लॉन्च किया है।

यह खास तौर पर उन ट्रेडर्स के लिए तैयार किया गया है, जिन्हें बाजार की हलचल के बीच तेजी से निर्णय लेने और तुरंत ऑर्डर करने की जरूरत होती है। यही सुविधा कंपनी के प्रीमियम ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म InvestRight पर भी उपलब्ध करा दी गई है।

इस नई सुविधा का मूल उद्देश्य ट्रेडिंग को सरल और तेज बनाना है—एक ही स्क्रीन पर चार्ट, बाजार की लाइव जानकारी, ऑर्डर और जोखिम प्रबंधन से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना, ताकि ट्रेडर को अलग-अलग स्क्रीन और टैब के बीच भटकना न पड़े। दोनों प्लेटफॉर्म पर इस सुविधा का मूल विचार एक ही है, हालांकि दोनों के पीछे अलग-अलग तकनीकी सिस्टम काम करते हैं। 

एचडीएफसी स्काई पर स्कैल्पर मोड को एचडीएफसी सिक्योरिटीज की प्रोडक्ट टीम ने इन-हाउस तैयार किया है। वहीं, InvestRight पर इसी अनुभव को कंपनी के टेक्नोलॉजी पार्टनर NXTOption की तकनीक से संचालित किया जा रहा है। दोनों का उद्देश्य एक ही है—ट्रेडर्स को ऐसा एक स्क्रीन वाला प्लेटफॉर्म देना, जहां उन्हें काम के लिए दस अलग-अलग टैब खोलने की जरूरत न पड़े। 

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के एमडी और सीईओ, धीरज रेली ने कहा, “स्कैल्पर्स के पास सही चार्ट या सही ऑर्डर बटन ढूंढने के लिए अलग-अलग स्क्रीन देखने का समय नहीं होता। स्कैल्पर टर्मिनल इसी समस्या को हल करता है। हमने इसे एचडीएफसी स्काई के लिए इन-हाउस बनाया और InvestRight पर यही अनुभव देने के लिए NXTOption को साथ जोड़ा, ताकि दोनों प्लेटफॉर्म के ट्रेडर्स को स्पीड और सटीकता से कोई समझौता न करना पड़े।”

स्कैल्पर टर्मिनल खास तौर पर उन ट्रेडर्स के लिए बना है जिनके लिए हर एक सेकंड कीमती होता है। यह लाइव डेटा, वन-क्लिक एग्जीक्यूशन और अपनी पसंद के मुताबिक सेट होने वाले वर्कस्पेस को एक साथ लाता है, ताकि ट्रेड के बीच आपको स्क्रीन बदलने में उलझना न पड़े। इसका इंटरफ़ेस इतना आसान है कि ट्रेडर का ध्यान ऐप की जगह पूरी तरह बाज़ार पर रहता है।