Saturday , September 5 2026

जन्माष्टमी उत्सव में बच्चों ने बिखेरा नृत्य और भक्ति का रंग


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोमती नगर स्थित नृत्य मंथन स्कूल ऑफ डांस में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नृत्य एवं संगीत से सजी शाम का आयोजन संस्थापक एवं कोरियोग्राफर अंकिता बाजपेयी के निर्देशन में किया गया।

समारोह में नृत्य मंथन के सभी बच्चों ने राधा-कृष्ण के भजनों एवं मनमोहक गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कार्यक्रम में इशिका, राजविका, त्रिशिका, विवान, काश्वी, कृति, अनिका, दिया, आस्था, साक्षी, आराध्या एवं अंशु ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बच्चों ने “श्याम बंसी बजाते हो”, “कान्हा रे”, “श्याम तेरी जोगन”, “मैया यशोदा”, “श्याम सुंदर” और “राधे-राधे” जैसे भक्ति गीतों पर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों में राधा-कृष्ण की भक्ति, संस्कृति और उत्साह का सुंदर संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर छोटे बच्चों के लिए जन्माष्टमी नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान त्रिशिका, द्वितीय स्थान काश्वी तथा तृतीय स्थान कृति ने प्राप्त किया। विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ते हुए जन्माष्टमी के पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया। समारोह ने उपस्थित सभी लोगों को भक्ति, संगीत और नृत्य से सराबोर कर दिया।