लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कृष्ण की भूमिका में अंश ने बांसुरी बजाई तो राधा की भूमिका में गौरी दौड़ी चली आईं। वहीं श्रेष्ठ ने नंदलाला के रूप में अपनी मधुर तान से सभी को आकर्षित किया, जिस पर सौम्या राधा के रूप में मोहित होती नजर आईं। ग्वाल-बालों के साथ राधा-कृष्ण की मनमोहक जोड़ी ने कृष्ण लीला को जीवंत कर दिया।




मौका था श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की सभी शाखाओं में धूमधाम से मनाये गए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व का। प्राइमरी एवं प्री-प्राइमरी कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बाल गोपाल, राधा रानी और कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर कृष्ण लीला का भावपूर्ण मंचन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना दिया।



कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक-दूसरे को चॉकलेट खिलाकर खुशियां बांटी और जन्माष्टमी की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। नन्हे कलाकारों ने अपनी मासूम अदाओं और आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।


इस दौरान बच्चों और दर्शकों ने “छोटी-छोटी गैया, छोटे-छोटे ग्वाल, छोटो सो मेरो नंद गोपाल” की धुन पर जमकर नृत्य किया। नन्हे-मुन्नों में उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चे खुशी से झूमते और नाचते रहे तथा पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया।


कक्षाध्यापिका निधि सिंह एवं इंचार्ज पूजा श्रीवास्तव ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। विद्यालय परिवार ने बच्चों को श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेने और पर्व की खुशियां आपस में बांटने का संदेश दिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal