लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मच्छर प्रतिरोधक ब्रांड डाबर ओडोमॉस ने ‘डेंगू मुक्त भारत’ नामक राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य लोगों को डेंगू की रोकथाम तथा डेंगू फैलाने वाले दिन में सक्रिय मच्छरों से बचाव के महत्व के प्रति जागरूक करना है। स्कूल संपर्क कार्यक्रमों और सामुदायिक जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से यह अभियान मानसून के दौरान मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दैनिक सुरक्षा उपायों को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करेगा।

यह पहल मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाने और लोगों को सुरक्षा संबंधी उपाय अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में ओडोमॉस के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। उपभोक्ता शिक्षा और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ब्रांड का उद्देश्य परिवारों को डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों के जोखिम से बचाव के प्रति जागरूक करना है।

इस अभियान के तहत स्कूलों में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को जागरूकता सत्रों के माध्यम से डेंगू फैलाने वाले मच्छरों से प्रभावी बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। इस पहल की शुरुआत बुधवार को बाल निकुंज इंटर कॉलेज, मोहिबुल्लापुर शाखा में आयोजित एक विशेष जागरूकता सत्र से हुई। जिसमें 300 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। इस सत्र का संचालन श्रीआयु ज्वाइंट केयर के चिकित्सक डा. राजन वर्मा ने किया। सत्र के दौरान ब्यास आनन्द (हेड कार्पोरेट कम्युनिकेशंस एण्ड सीएसआर डाबर इण्डिया लिमिटेड), बाल निकुंज के प्रबन्ध निदेशक एच.एन. जायसवाल, प्रधानाचार्या भगवती भंडारी भी मौजूद रहे।

जागरूकता सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. राजन वर्मा ने कहाकि डेंगू की रोकथाम की शुरुआत जागरूकता और निरंतर सुरक्षा उपायों से होती है। चूंकि एडीज एजिप्टी मच्छर दिन के समय काटता है, इसलिए लोग केवल बाहर ही नहीं बल्कि यात्रा के दौरान स्कूल में और सार्वजनिक स्थानों पर रोजमर्रा की गतिविधियों के दौरान भी इसके जोखिम में रहते हैं। ‘डेंगू मुक्त भारत’ जैसी पहलें समुदायों को शिक्षित करने और उन्हें निवारक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
बाल निकुंज के विद्यार्थी जन-जन तक पहुंचाएंगे ‘डेंगू मुक्त भारत’ का संदेश : एचएन जायसवाल
डाबर ओडोमॉस के ‘डेंगू मुक्त भारत’ जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेज के एमडी एचएन जायसवाल ने कहा कि डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब हम स्वस्थ रहेंगे, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित होगा। यदि हम स्वस्थ नहीं हैं तो हमारा भविष्य भी सुरक्षित नहीं रह सकता। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ भारत की नींव हैं।

उन्होंने कहा कि डाबर ने डेंगू से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है और इस अभियान के लिए बाल निकुंज को चुना जाना गर्व की बात है। बाल निकुंज के विद्यार्थी इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे और लोगों को बताएंगे कि डेंगू जैसी मच्छरजनित बीमारियों से किस प्रकार बचाव किया जा सकता है।
एचएन जायसवाल ने कहा कि यह एक सराहनीय पहल है और इस मुहिम को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमें सामूहिक रूप से प्रयास करना चाहिए कि अपने घर और उसके आसपास मच्छरों को पनपने का अवसर न मिले। स्वच्छता और जागरूकता के जरिए हम डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के प्रसार को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस पहल के बारे में बात करते हुए वैभव राठी (मार्केटिंग हेड, होम केयर, डाबर इंडिया लिमिटेड) ने कहाकि डेंगू आज भी भारत के सामने एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है, लेकिन डेंगू फैलाने वाले दिन में सक्रिय मच्छरों की भूमिका को लेकर जागरूकता अभी भी सीमित है। भारत के अग्रणी पर्सनल एप्लिकेशन मच्छर प्रतिरोधक ब्रांड के रूप में ओडोमॉस हमेशा से परिवारों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाने के उद्देश्य को आगे बढ़ाता रहा है। ‘डेंगू मुक्त भारत’ के माध्यम से हम अपने इस संकल्प को केवल उत्पाद-आधारित सुरक्षा तक सीमित न रखकर जन-जागरूकता तक विस्तारित कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य परिवारों को निवारक उपाय अपनाने और मानसून के दौरान मच्छरों से बचाव को अपनी दैनिक आदत बनाने के लिए प्रेरित करना है।

अमित गर्ग (जनरल मैनेजर, मार्केटिंग, डाबर इंडिया लिमिटेड) ने कहाकि मच्छरों से बचाव को लेकर सबसे बड़ी गलतफहमियों में से एक यह है कि इसकी आवश्यकता केवल रात में होती है। वास्तव में डेंगू फैलाने वाले मच्छर दिन के समय सक्रिय रहते हैं, जिससे लोग काम पर जाते समय, स्कूल में व्यायाम करते हुए या सामाजिक गतिविधियों में भाग लेते समय भी जोखिम में रहते हैं। ‘डेंगू मुक्त भारत’ के माध्यम से हम दैनिक सुरक्षा के महत्व को रेखांकित कर रहे हैं और उपभोक्ताओं को मच्छरों से बचाव को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करते हुए ‘डेंगू मुक्त भारत’ के अपने दीर्घकालिक उद्देश्य को आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ओडोमॉस मच्छरों से सुरक्षा के लिए क्रीम, लोशन, जेल, स्प्रे और फैब्रिक रोल-ऑन जैसे त्वचा के अनुकूल विभिन्न उत्पाद प्रारूपों में उपलब्ध है, जिससे अलग-अलग उपभोक्ता जरूरतों और अवसरों के अनुसार सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। डाबर ओडोमॉस को प्रमुख शिशु रोग विशेषज्ञों द्वारा किए गए परीक्षणों में शिशुओं और बच्चों के उपयोग के लिए भी सुरक्षित प्रमाणित किया गया है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal