Tuesday , September 1 2026

पदोन्नति के साथ नई जिम्मेदारी, सचिवालय सुरक्षा अधिकारियों ने संभाला कार्यभार

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश सचिवालय सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के लिए सोमवार का दिन उपलब्धि और उत्साह से भरा रहा। क्षेत्राधिकारी (सीओ) परवेज आलम, निरीक्षक (आरआई) अशोक कुमार एवं उपनिरीक्षक ओंकार नाथ शर्मा ने पदोन्नति के बाद अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण कर नई जिम्मेदारियों की शुरुआत की।

कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत तीनों अधिकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना विभाग संजय प्रसाद से भी अधिकारियों ने मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें बैच एवं स्टार लगाकर पदोन्नति की शुभकामनाएं दीं तथा नई जिम्मेदारियों के सफल एवं प्रभावी निर्वहन के लिए प्रोत्साहित किया।

आरआई पद पर पदोन्नत अशोक कुमार ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व एवं दिशा-निर्देश में पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। नई जिम्मेदारी को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाते हुए सचिवालय की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने में हरसंभव योगदान देंगे।

सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने भी उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारियों में सफलता की कामना की। अधिकारियों ने वरिष्ठ नेतृत्व से मिले मार्गदर्शन को नई जिम्मेदारी के निर्वहन में महत्वपूर्ण बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने का संकल्प व्यक्त किया।