Tuesday , September 1 2026

दंत-नेत्र परीक्षण के साथ छात्राओं को दिया सीपीआर का प्रशिक्षण

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्नातकोत्तर राजकीय महिला महाविद्यालय, अलीगंज में पोषण माह के अवसर पर मंगलवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शालिनी श्रीवास्तव ने किया।

स्वास्थ्य शिविर का आयोजन गृह विज्ञान विभाग, महिला प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर में मैक्स हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम द्वारा छात्राओं का निःशुल्क दंत एवं नेत्र परीक्षण किया गया। साथ ही छात्राओं को सीपीआर (CPR) प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत किशोर स्वास्थ्य विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन भी किया गया। मैक्स हॉस्पिटल की डॉ. शीबा फारुकी (मनोचिकित्सक), डॉ. अखिलेश (दंत रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. जफर अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे और छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

महाविद्यालय की डॉ. ज्योति, डॉ. हेमलता पाण्डेय एवं डॉ. रुचि सिंह के संयुक्त प्रयासों से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का प्रमुख उद्देश्य महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं, सदस्यों एवं अधिकारियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करना तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

स्वास्थ्य शिविर में महाविद्यालय के सभी कर्मचारियों एवं लगभग 400 छात्राओं ने प्रतिभाग कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर जरूरतमंदों को निःशुल्क आवश्यक दवाइयाँ भी वितरित की गईं।