मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपने स्टाफ सदस्यों के लिए विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन कर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया। भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ संगठन में टीम भावना और आपसी सौहार्द को सुदृढ़ करना था। इस कार्यक्रम की शोभा बैंक के कार्यपालक निदेशकों ललित त्यागी, संजय विनायक मुदलियार, लाल सिंह एवं बीना वहीद सहित बैंक के अन्य स्टाफ सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति से बढ़ी।
स्टाफ सदस्यों ने विभिन्न खेल विधाओं में बैंक के अंचल स्तरीय चैंपियनों के साथ टेबल टेनिस, कैरम, बैडमिंटन और बास्केटबॉल में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों ने विभिन्न स्तरों के सहकर्मियों को एक साथ आने का अवसर प्रदान किया और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा दिया।
इस अवसर पर ललित त्यागी (कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा) ने कहा, “खेल हमारे भीतर अनुशासन, दृढ़ता, टीम भावना और उत्कृष्टता हासिल करने के संकल्प का निर्माण करते हैं। ये ऐसे मूल्य हैं जो सुदृढ़ और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम संगठन के निर्माण के लिए भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। राष्ट्रीय खेल दिवस हमें महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की विरासत का सम्मान करते हुए अपने स्टाफ सदस्यों को फिटनेस को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान करता है। फिट इंडिया मूवमेंट में अपनी सहभागिता के माध्यम से, हमें एक स्वस्थ और अधिक सक्रिय भारत की परिकल्पना को साकार करने में योगदान देते हुए प्रसन्नता हो रही है।”
बैंक ने राष्ट्रीय खेल दिवस के सोशल मीडिया अभियान #KhelegaBharatJeetegaBharat को भी अपना समर्थन दिया और इस संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित किया है कि खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में अधिक से अधिक सहभागिता एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकती है।
महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 29 अगस्त को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय खेल दिवस भारत की समृद्ध खेल विरासत का उत्सव है और नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal