Tuesday , August 25 2026

AKTU : स्टार्टअप संवाद 3.0 में निवेशकों के सामने उतरेंगे 250 से अधिक स्टार्टअप

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय स्थित इनोवेशन हब में “स्टार्टअप संवाद 3.0” के तहत मंगलवार से पांच दिवसीय स्टार्टअप पिचिंग सत्र की शुरुआत हुई। 8 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को पूरी तरह “निवेश केंद्रित थीम” पर आयोजित किया जा रहा है। जिसमें चयनित स्टार्टअप अपने बिजनेस मॉडल, उत्पाद, बाजार की संभावनाओं और विकास योजनाओं को निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं।

कुलपति प्रो. जे. पी. पांडेय एवं निदेशक, इनोवेशन हब के मार्गदर्शन में आयोजित “स्टार्टअप संवाद 3.0” का उद्देश्य संभावनाशील स्टार्टअप्स को निवेशकों से जोड़ना, उनके नवाचार एवं बिजनेस मॉडल को निवेश के दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करना तथा निवेश, मार्गदर्शन एवं व्यावसायिक विस्तार की संभावनाओं को सुदृढ़ करना है।

स्टार्टअप संवाद 3.0 को स्टार्टअप समुदाय से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। कार्यक्रम के लिए 250 से अधिक स्टार्टअप ने पंजीकरण कराया है। ये स्टार्टअप पांच दिनों तक आयोजित होने वाले पिचिंग सत्रों में निवेशकों के समक्ष अपने उद्यम, उत्पाद एवं उसकी निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे।पहले दिन की पिचिंग मंगलवार को शुरू हुई, जिसमें स्टार्टअप संस्थापकों को निवेशकों से सीधे संवाद करने और अपने उद्यम के लिए निवेश की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिला।

कार्यक्रम की विशेषता यह है कि यह केवल स्टार्टअप प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे “निवेश की दिशा में परिणामोन्मुख मंच” के रूप में विकसित किया गया है।स्टार्टअप संवाद 3.0 से जुड़े करीब 30 निवेशकों ने पिचिंग के बाद उपयुक्त स्टार्टअप में निवेश की संभावनाएं तलाशने में रुचि व्यक्त की है।इससे शुरुआती स्तर के नवाचारों को पूंजी, व्यावसायिक मार्गदर्शन और नेटवर्किंग के अवसर मिलने की संभावना मजबूत हुई है।

केशव सिंह (वित्त अधिकारी, ए.के.टी.यू. एवं निदेशक, इनोवेशन हब यूपी) के संस्थागत सहयोग से पांच दिवसीय पिचिंग प्रक्रिया के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं एवं स्टार्टअप-निवेशक संवाद का मंच उपलब्ध कराया गया है।इस पहल के माध्यम से स्टार्टअप को केवल अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर ही नहीं, बल्कि निवेशकों की अपेक्षाओं को समझने और अपने बिजनेस मॉडल को निवेश के दृष्टिकोण से परखने का अवसर भी मिल रहा है।

प्रो. बी. एन. मिश्रा (डीन–इनोवेशन एवं सोशल एंटरप्रेन्योरशिप तथा निदेशक, इनोवेशन हब यूपी) के नवाचारपरक नेतृत्व में स्टार्टअप संवाद को उद्यमशीलता से आगे बढ़ाकर निवेश और व्यावसायिक विस्तार से जोड़ने पर जोर दिया गया है। पिचिंग के दौरान स्टार्टअप अपने समाधान की उपयोगिता, बाजार की आवश्यकता, राजस्व मॉडल, विस्तार की क्षमता और भविष्य की योजनाओं को निवेशकों के सामने रख रहे हैं।

डॉ. अनुज कुमार शर्मा (एसोसिएट डीन–इनोवेशन एवं सोशल एंटरप्रेन्योरशिप) के सक्रिय समन्वय में पांच दिवसीय पिचिंग प्रक्रिया का संचालन किया जा रहा है,अलग-अलग चरणों में स्टार्टअप को निवेशकों के साथ संवाद करने और अपनी व्यावसायिक संभावनाओं को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

नवाचार को केवल विचार और प्रोटोटाइप तक सीमित न रखकर उसे निवेश योग्य उद्यम में परिवर्तित करने की दिशा में आगे बढ़ाना है। पांच दिनों की पिचिंग के बाद निवेशकों की रुचि और संभावित निवेश अवसर इस पहल के प्रमुख परिणामों में शामिल होंगे। इस तरह स्टार्टअप संवाद 3.0 प्रदेश के स्टार्टअप को निवेशकों से जोड़ने और उनके अगले विकास चरण की राह खोलने वाला महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।