Tuesday , August 18 2026

फन रिपब्लिक मॉल में गूंजे देशभक्ति के तराने, SSB बैंड ने बिखेरी संगीत की छटा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। तिरंगे की आन, जवानों का जोश और देशभक्ति से सराबोर संगीत, फन रिपब्लिक मॉल का माहौल कुछ ऐसा ही नजर आया। “फील लाइक ए सोल्जर–सीजन 3” के तहत आयोजित चार दिवसीय समारोह में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के ब्रास बैंड ने अपनी शानदार प्रस्तुति से मॉल के एट्रियम को देशभक्ति के सुरों से गुंजायमान कर दिया। वर्दी में सजे जवानों की गरिमामयी मौजूदगी और देशभक्ति की लोकप्रिय धुनों ने बच्चों, युवाओं और परिवारों को भावनाओं से जोड़ दिया।

SSB के ब्रास बैंड ने “बदन पे सितारे लपेटे हुए…”, “हर कर्म अपना करेंगे, ऐ वतन तेरे लिए…”, “मेरा मुल्क, मेरा देश, मेरा ये वतन…” और “तेरी मिट्टी…” जैसी लोकप्रिय धुनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। जैसे-जैसे धुनें गूंजती गईं, पूरा एट्रियम देशप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना से भरता गया। दर्शकों ने भी तालियों और उत्साह के साथ जवानों का उत्साह बढ़ाया।

ब्रास बैंड की लयबद्ध प्रस्तुति ने जहां सैनिकों के अनुशासन, साहस और समर्पण की झलक दिखाई, वहीं भारतीय संगीत की भावनात्मक शक्ति को भी सामने रखा। अलग-अलग उम्र और पृष्ठभूमि से आए लोगों को एक साथ जोड़ती इन धुनों ने यह संदेश दिया कि संगीत और संस्कृति भाषा, क्षेत्र और पीढ़ियों की सीमाओं से परे लोगों को एक सूत्र में बांधने की ताकत रखते हैं।

SSB जवानों की यह प्रस्तुति “फील लाइक ए सोल्जर–सीजन 3” समारोह का खास आकर्षण बनी। प्रस्तुति के जरिए आगंतुकों को सैनिक जीवन के अनुशासन और गौरव को करीब से महसूस करने का अवसर मिला। देशभक्ति की धुनों के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भी यादगार बना दिया।

फन रिपब्लिक मॉल के आयोजक ने कहा, “SSB के ब्रास बैंड की प्रस्तुति ने इस उत्सव को एक अलग सांस्कृतिक और भावनात्मक आयाम दिया। देशभक्ति की धुनों पर एक साथ झूमते बच्चे, युवा और परिवार यह दर्शाते हैं कि संगीत और संस्कृति किस तरह पूरे समाज को एक सूत्र में बांध सकते हैं।”