Sunday , August 16 2026

बोरा ग्रुप में शान से लहराया तिरंगा, नर्सिंग छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सीतापुर रोड स्थित बोरा ग्रुप में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बोरा इंस्टीट्यूट ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज संस्थान की निदेशिका व समाजसेवी बिंदु बोरा ने ध्वजारोहण कर किया। जिसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन हुआ। वहीं छात्र – छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली।

इस अवसर पर संस्थान की निदेशिका व समाजसेवी बिंदु बोरा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नर्सिंग के छात्र – छात्राओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा एवं राष्ट्रसेवा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों की सेवा तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाकर नर्सिंग छात्र – छात्राएं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। 

उन्होंने समारोह में मौजूद सभी छात्र – छात्राओं से सेवा भाव से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। समारोह में प्रिंसिपल डॉ. शीला तिवारी, डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव, आकाश सिंह एवं शिक्षक – शिक्षिकाओं समेत कई अन्य पदाधिकारी व कर्मचारियों ने सहभागिता की।