Thursday , August 13 2026

महर्षि यूनिवर्सिटी : निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा परिसर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में गुरुवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया और देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु प्रताप सिंह ने ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ तिरंगा यात्रा को रवाना किया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर आईआईएम रोड स्थित रायपुर हनुमान मंदिर तक पहुंची।

यात्रा के दौरान स्वयंसेवकों ने ‘हर घर तिरंगा’, ‘घर-घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा लहराएगा-भारत आगे जाएगा’ जैसे नारों के साथ लोगों में देशभक्ति की भावना जगाई। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

तिरंगा यात्रा के बाद ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें डॉ. सपन अस्थाना, डॉ. राम प्रकाश दीक्षित और डॉ. सुगत शुक्ला ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारियों और आगामी स्वच्छता एक्शन प्लान की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में रजिस्ट्रार डॉ. गिरीश छिमवाल, उप-कुलसचिव डॉ. राजेश सिंह, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. शिखर वर्मा, उप-अधिष्ठाता (अकादमिक) डॉ. कल्याण आचार्य, सहित कई स्कूल के डीन, फैकल्टी, स्टाफ NSS स्वयंसेवक और विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।