लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को भाजपा द्वारा लखनऊ उत्तर मंडल एक में तिरंगा यात्रा निकाली गई। बीएलएस इंटर कॉलेज, ठाकुरगंज से निकली भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया।

तिरंगा यात्रा ठाकुरगंज चौराहा, घास मंडी चौराहा सहित कई क्षेत्रों से होती हुई पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के गीतों और नारों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

वहीं महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा धारण किए स्टूडेंट्स आकर्षण का केंद्र रहे। फलक ने भारत माता, अलीशा इस्लाम ने सरोजिनी नायडू, जिक्रा ने रानी लक्ष्मीबाई, असीम ने महात्मा गांधी और साहिल खान ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस का रूप धारण कर देशभक्ति का संदेश दिया।


यात्रा में विधायक डॉ. नीरज बोरा, सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति विवेक सिंह तोमर, पूर्व नगर महामंत्री राम अवतार कन्नौजिया, पार्षद सी.बी. सिंह, पार्षद अनुराग मिश्रा, मंडल अध्यक्ष दया पांडे एवं मंडल महामंत्री सतीश शर्मा, दुर्गेश पांडेय, विद्यालय के मैनेजर संदीप साहू, निदेशक प्रदीप साहू, प्रधानाचार्य रवि किशोर गौतम, वाइस प्रिंसिपल रोमा जाफरी एवं उमा शर्मा सहित टीचर्स, स्टूडेंट्स, स्थानीय निवासी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal