लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नागरिकों को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने शिकायत निवारण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया है। 17 अगस्त 2026 से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ में शिकायत निवारण के लिए केवल पूर्व अपॉइंटमेंट लेकर आने वाले आवेदकों को ही सुनवाई की सुविधा प्रदान की जाएगी। शिकायत निवारण के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने की प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है।
अपनी शिकायत अथवा समस्या के समाधान हेतु आवेदकों को पूर्व में ही पासपोर्ट सेवा पोर्टल (www.passportindia.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करना होगा। निर्धारित तिथि एवं समय पर अपॉइंटमेंट की पुष्टि के साथ संबंधित दस्तावेज लेकर उपस्थित होने पर उनकी शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।

ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने की प्रक्रिया
- पासपोर्ट सेवा पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट www.passportindia.gov.in के होम पेज पर जाएं।
- Existing User Login पर क्लिक करें तथा अपना यूजर आईडी और पासवर्ड डालें।
- अपने प्रोफाइल डैशबोर्ड पर View Saved/Submitted Applications स्क्रीन खोलें।
- File Number/ARN पर क्लिक करें।
- Schedule Appointment for Enquiry at RPO Lucknow का विकल्प चुनें।
- उपलब्ध तारीख और समय देखें। उसके पश्चात Book Appointment पर क्लिक करके अपनी सुविधानुसार अपॉइंटमेंट बुक करें।
- अपॉइंटमेंट स्लिप को सेव/प्रिंट करें तथा कार्यालय आते समय अपने साथ लेकर आएं।
पासपोर्ट कार्यालय ने आवेदकों से अपील की है कि वे पंजीकरण के समय प्रयुक्त अपनी लॉग इन आईडी एवं पासवर्ड सुरक्षित रखें क्योंकि भविष्य में अपॉइंटमेंट बुक करने अथवा अन्य संबंधित सेवाओं के लिए इनकी आवश्यकता पड़ सकती है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal