Monday , August 10 2026

छात्र नेतृत्व को मिला सम्मान, डीपीएस शहीदपथ में हुआ भव्य अलंकरण समारोह

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दिल्ली पब्लिक स्कूल शहीदपथ में छात्र नेतृत्व को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों में उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं सेवा भाव विकसित करने के उद्देश्य से अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राधा रमन सिंह (सहायक पुलिस आयुक्त दक्षिण यातायात) एवं प्रधानाचार्या डॉ. मंजू लखनपाल, उप प्रधानाचार्या स्वाति सिंह मल्होत्रा, प्रवेश संचालिका दिव्या सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इसके पश्चात विद्यालय का एंथम प्रस्तुत किया गया। विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। मुख्य अतिथि राधा रमन सिंह ने विद्यार्थियों को नेतृत्व के मूल्यो, ईमानदारी, अनुशासन तथा कर्तव्य निष्ठा का संदेश देते हुए नव निर्वाचित छात्र परिषद को अपनी जिम्मेदारियों को निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य एवं मधुर समूह गान प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण छात्र परिषद के पदाधिकारियो का सम्मान एवं अलंकरण रहा। इस अवसर पर हेड बॉय, हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन (बालक एवं बालिका) विभिन्न हाउस कैप्टन सहित छात्र परिषद के अन्य सदस्यों को बैज एवं सैशे प्रदान कर उनकी ज़िम्मेदारियां औपचारिक रूप से सौंपी गई। इसके उपरान्त नव निर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की शपथ ली। कार्यक्रम का समापन उत्साह, प्रेरणा एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्य काल की कामना की।