लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, लखनऊ की बालक टीम ने मेरठ में आयोजित इंटर ग्रुप थल सैनिक कैंप (TSC) चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 एनसीसी ग्रुपों के बीच ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर एनसीसी कैडेटों से मिलकर एडीजी मेज़र जनरल गौरव गौतम वीएसएमजी ने बधाई दी।

लखनऊ ग्रुप की बालक टीम के चयन, प्रशिक्षण एवं समन्वय की जिम्मेदारी 63 यूपी बटालियन एनसीसी को सौंपी गई थी। लखनऊ ग्रुप कमांडर वीएसएम ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव तथा कर्नल अनिल शर्मा (कमान अधिकारी 63 यूपी बटालियन एनसीसी) के नेतृत्व एवं आदेशों के अनुरूप प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल नीरज गहलोत के निर्देशन में सुबेदार मेजर अरविन्द कुमार यादव एवं पीआई स्टाफ ने एनसीसी के आदर्श वाक्य एकता और अनुशासन के बल पर लखनऊ ग्रुप की टीम को कठोर प्रशिक्षण प्रदान किया। इसी का परिणाम रहा कि टीम ने सभी ग्रुपों को पीछे छोड़ते हुए अंतर समूह प्रतियोगिता (IGC–TSC) में प्रथम स्थान प्राप्त कर लखनऊ ग्रुप को ओवरऑल चैंपियन बनाया।

ओवरऑल ट्रॉफी जीतने के साथ-साथ लखनऊ ग्रुप के कैडेटों ने प्रतियोगिता में दिए गए 15 व्यक्तिगत पदकों में से 6 पदक (2 स्वर्ण एवं 4 रजत) भी अपने नाम किए। ये पदक फायरिंग, सर्विस सब्जेक्ट रिटन एग्जामिनेशन, हेल्थ एंड हाइजीन तथा जजिंग डिस्टेंस एवं फील्ड सिग्नल्स प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्राप्त हुए।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित कैडेट अब अगले चरण के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे। जहाँ से उनका चयन नई दिल्ली में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय थल सैनिक कैंप के लिए किया जाएगा। लखनऊ लौटने पर विजेता टीम का अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं कैडेटों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस उपलब्धि पर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, लखनऊ तथा 63 यूपी बटालियन एनसीसी में हर्ष का माहौल है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal