Tuesday , August 4 2026

जनेश्वर मिश्र की जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर सपा नेताओं ने की बैठक

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती के अवसर पर 5 अगस्त को आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सपा महानगर उपाध्यक्ष गजेंद्र मिश्रा के आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समारोह को सफल बनाने पर चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सपा महानगर उपाध्यक्ष गजेंद्र मिश्रा ने कहा कि जनेश्वर मिश्र का संपूर्ण जीवन समाज के शोषित, वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जनेश्वर मिश्र के सिद्धांतों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज के प्रत्येक वर्ग की सेवा के लिए आगे आएं।

उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जनेश्वर मिश्र की जयंती गरिमामय ढंग से मनाई जाएगी। कार्यक्रम के संयोजक बलिया से सांसद सनातन पांडे होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय करेंगे।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों से आगामी समय की राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प के साथ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में प्रमुख रूप से आलोक मिश्रा, हिमांशु शुक्ला, ललित बाजपेई, डॉ. ओमप्रकाश पांडे, देवेंद्र शुक्ला, पंकज शुक्ला, कमलेश सिंह, सौरभ सिंह, मुकेश सिंह, के.के. श्रीवास्तव, दीपक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।